आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ब्रिटेन में हाल ही में गृह मंत्री के पद से हटाई गईं भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन ने PM ऋषि सुनक को 1300 शब्दों का लेटर लिखा है। इसमें उन्होंने सुनक पर धोखा देने का आरोप लगाया है। पद से हटाए जाने के बाद एक दिन बाद सुएला ने लिखा- सुनक लगातार अपनी नीतियों और वादों को पूरा करने में विफल रहे हैं।

अपने खत में सुएला ने आगे लिखा- सुनक कई पॉलिसी पर अपने वादों को निभाने में साफ तौर पर लगातार फेल होते रहे हैं। या तो वो इन वादों को निभाने में असमर्थ हैं या फिर अब मुझे लगता है कि वो इन वादों को कभी पूरा नहीं करना चाहते थे।

लंदन में फिलिस्तीन के समर्थन में हो रही रैलियों को बैन न करने पर सुएला ने कहा- ये सबूत है कि सुनक कई मुद्दों पर अनिश्चित और कमजोर हैं। उनमें वो गुण नहीं हैं जो देश के लीडर में होना जरूरी हैं।

सुएला बोलीं- मेरे सपोर्ट से ही PM बनने में मदद मिली

सुएला ने बताया कि गृह मंत्री बनने से पहले उनकी सुनक से डील हुई थी। वो सरकार में शामिल होने को तब तैयार हुई थीं, जब सुनक ने उनसे बदलाव को लेकर कुछ वादे किए थे, जो लिज ट्रस की सरकार में नहीं हो रहे थे। सुएला ने कहा- अगला चुनाव जीतने के लिए सुनक को अपना रास्ता बदलने की जरूरत है। उन्हें इमिग्रेशन और यहूदी विरोध को लेकर बदलाव करने की जरूरत है।

सुएला ने कहा- किसी को इस मामले में ईमानदार होने की जरूरत है। सुनक का प्लान काम नहीं कर रहा है। हमने रिकॉर्ड चुनावी हार झेली है। सुनक के तरीके फेल हो रहे हैं और अब हमारे पास ज्यादा समय नहीं है। उन्हें जल्द से जल्द बदलाव करने की जरूरत है। BBC के मुताबिक, सुएला ने अपने खत में जिन वादों का जिक्र किया है, वो दस्तावेजों में मौजूद है, और सरकार संभालने से पहले सुनक ने इस पर हामी भरी थी।

सुनक ने कहा था- अवैध तरह से घुस रहे लोगों को हर हाल में रोकूंगा

उन्होंने अपने पास इसकी एक कॉपी भी रखी थी और इन बैठकों के दौरान चश्मदीद भी मौजूद थे। सुएला ने कहा कि ये सिर्फ मुझे धोखा देना नहीं है बल्कि ये पूरे देश को धोखा है। सुनक ने कहा था कि वो इंग्लिश चैनल से नावों में बैठकर देश में अवैध तरह से घुसने की कोशिश कर रहे लोगों को रोकने के लिए कुछ भी करेंगे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

सुनक ने विवादित बयानों के बाद सुएला को पद से हटाया

दरअसल, सोमवार को सुनक ने होम मिनिस्टर सुएला ब्रेवरमैन को पद से हटा दिया था, जिस बात से उनकी पार्टी के कुछ नेता नाराज हैं। सुनक ने सोमवार शाम सुएला को पद से हटाने के बाद उनकी जगह विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली को गृह मंत्री बना दिया। इसके बाद उन्होंने पूर्व PM डेविड कैमरन को ब्रिटेन का विदेश मंत्री घोषित कर दिया। दरअसल, भारतीय मूल की सुएला ब्रेवरमैन ने हाल ही में कई विवादित बयान दिए थे।

सुनक की पार्टी के अंदर से ही कई दिनों से यह मांग उठ रही थी कि सुएला की बयानबाजी ब्रिटेन की मिडिल ईस्ट पॉलिसी के खिलाफ है और वे अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने की कोशिश कर रही हैं। गृह और विदेश मंत्री के अलावा भी सोमवार को कुछ पदों पर बदलाव किए गए।

ऋषि सुनक के खिलाफ अविश्वास पत्र:उनकी पार्टी की ही सांसद बोलीं- सुनक को पार्टी मेंबर्स ने नकारा; अब जनता भी साथ नहीं

ब्रिटेन में सियासी उथल-पुथल के बीच PM ऋषि सुनक के खिलाफ अविश्वास पत्र दाखिल हो गया है। सुनक की ही पार्टी की सांसद एंड्रिया जेन्किंस ने लेटर में लिखा अब बहुत हुआ। हमारी पार्टी का लीडर एक ऐसा व्यक्ति है, जिसे सदस्यों ने खारिज कर दिया था।