आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल से मंडीदीप और बिलकिसगंज के लिए सिटी बस सेवा बंद हो गई। ये दोनों ही रूट नगर निगम सीमा के बाहर 25 किलोमीटर के दायरे में आ रहे थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद भोपाल सिटी लिंक लिमिटेड (BCLL) ने मंगलवार दोपहर बाद संचालन बंद कर दिया। बुधवार को भी सेवा बंद रहेगी। हाईकोर्ट के इस फैसले को लेकर बस ऑपरेटर्स और विभाग भी अपना पक्ष रखने के मूड में है। ताकि स्टे मिल सके। फिलहाल बसें बंद होने से करीब 40 हजार से ज्यादा यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

गांधी नगर और चिरायु हॉस्पिटल से मंडीदीप के बीच कुल 46 बसें चलती थीं। वहीं बिलकिसगंज के लिए 12 बसों का संचालन होता है, लेकिन अब दोनों ही जगहों पर बसें नहीं जाएंगी।

अब यहां तक जाएंगी बसें

मंडीदीप जाने वाली बसें मिसरोद के आगे शहरी सीमा तक ही जाएंगी।

बिलकिसगंज जाने वाली बसें अब नीलबड़ तक ही चलेंगी। यह बसें रातीबड़ भी नहीं जाएंगी।

हाईकोर्ट ने यह दिया है आदेश

जबलपुर हाईकोर्ट ने अमृत योजना के तहत संचालित सिटी (मेट्रो) बसों का संचालन नगर निगम सीमा के बाहर नहीं करने का फैसला सुनाया है। हाईकोर्ट ने राज्य शासन के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसमें नगर निगम सीमा के बाहर 25 किलोमीटर के दायरे में सिटी बस संचालन की अनुमति दी गई थी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जिस योजना के तहत उक्त आदेश जारी किया गया था, उसका गजट नोटिफिकेशन नहीं हुआ है। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 99 के तहत योजना का गजट नोटिफिकेशन जरूरी है। हाईकोर्ट ने भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत सभी नगर निगम, जहां पर सिटी बसों का संचालन होता है उन्हें आदेश जारी किए हैं।

बसें नहीं चलने से मुसाफिरों की मुश्किलें बढ़ी

मंडीदीप समेत कई रूट ऐसे हैं, जहां से बड़ी संख्या में मुसाफिर शहर में आना-जाना करते हैं। अकेले मंडीदीप से ही नौकरीपेशा, इंडस्ट्रियल सेक्टर में काम करने वाले, छात्र-छात्राएं आदि को मिलाकर एक दिन में एवरेज 40 हजार लोग शहर में आते हैं। बसों का संचालन बंद होने से मुसाफिरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंगलवार को यात्रियों को नगर निगम सीमा तक ही उतार दिया गया। बस कंडक्टर सोहन पुरी ने बताया कि गांधी नगर से समर्धा तक बस चला रहे हैं। इससे पहले गांधी नगर से वर्धमान नगर मंडीदीप तक लेकर जाते थे।

प्राइवेट बस ऑपरेटर्स की मोनोपाली हावी होगी

सिटी बसों के नहीं चलने से प्राइवेट बस ऑपरेटर्स की मोनोपाली हावी हो जाएगी। अभी एमपी नगर से मंडीदीप सिटी बस में 30 रुपए किराया लगता है। ऑटो वाले भी मनमाना किराया वसूलने लगे हैं। इससे यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ रहा है।

भोपाल में रोज डेढ़ लाख लोग करते हैं सफर

भोपाल में कुल 24 रूट पर 368 सिटी बसें दौड़ती हैं। सिटी बसों में एक दिन में एवरेज डेढ़ लाख लोग सफर करते हैं। अधिकतम किराया 45 रुपए तक है।

2 साल पहले सीएम शिवराज ने की थी घोषणा

2 साल पहले 24 अगस्त 2021 भोपाल में नई बसों को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने नगर निगम सीमा से बाहर 25Km के दायरे में सिटी बसें चलाने की घोषणा की थी। इसके बाद कान्हासैया, हिनोतिया, बगरोदा, रातीबड़, सूखी सेवनिया, फंदा, परवलिया, ईंटखेड़ी, अचारपुरा, नयापुरा, बड़झिरी आदि रूट का चयन करते हुए तत्कालीन कलेक्टर अविनाश लवानिया ने अधिसूचित यानी गजट नोटिफिकेशन करने का अनुरोध किया था। प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र लिखा था, लेकिन गजट नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। यदि गजट नोटिफिकेशन जारी हो जाता तो संभवत: बसों का नियमित रूप से संचालन होता रहता।