सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सेवा से संकल्प अभियान के अंतर्गत राजधानी भोपाल के विभिन्न विद्यालयों में 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय , विधायक भगवान दास सबनानी, रामेश्वर शर्मा , नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने मुख्य अतिथियों के रूप में सहभागिता कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजनों में छात्र-छात्राओं ने अपनी अद्वितीय प्रतिभा और राष्ट्र-निर्माण से जुड़े क्रांतिकारी विचारों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि "विद्यार्थी देश का उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र-निर्माण के असली कर्णधार हैं। 'मेरे सपनों का भारत' की परिकल्पना को साकार करने में हमारी बेटियों और युवाओं का योगदान सर्वोपरि है। सेवा भावना से लिया गया संकल्प ही किसी भी समाज और राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर ले जाता है। जब हमारे युवा और बेटियां शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर होंगे, तभी सशक्त, समृद्ध और उन्नत भारत का निर्माण संभव होगा।"

प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण कला के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छता, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार निडरता एवं तार्किकता के साथ रखे। वहीं, चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशक्ति की तूलिका से भविष्य के सशक्त, आधुनिक और समृद्ध भारत के सुंदर व मनमोहक रंग कैनवास पर उकेरे।
कार्यक्रमों के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपस्थित अतिथियों द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इन आयोजनों में संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक- शिक्षिकाएं, नगर निगम के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रशासनों द्वारा मुख्य अतिथियों एवं उपस्थित अभ्यागतों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #सपन #रकल #भगव