सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेलवे, भोपाल मंडल में मार्च 2026 माह में सेवानिवृत्त होने वाले कुल 26 अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में एक विशेष सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, भोपाल पंकज त्यागी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन भुगतान आदेश वितरित किए और उनके दीर्घकालीन योगदान की सराहना करते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक , वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, सहायक कार्मिक अधिकारी (कल्याण), सहायक मंडल वित्त प्रबंधक तथा यूनियन प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। इस अवसर पर कुल 26 सेवानिवृत्त कर्मचारियों को लगभग ₹11,56,55,116/- (ग्यारह करोड़ छप्पन लाख पचपन हजार एक सौ सोलह रुपये) की सेवानिवृत्ति संबंधित देयकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान संबंधित कल्याण निरीक्षक ने 19 सेवानिवृत्त कर्मचारियों के महत्वपूर्ण कार्यानुभव को अनुभव पोर्टल पर दर्ज किया। इससे उनके अनुभव का उपयोग भविष्य में संगठनात्मक ज्ञान के रूप में किया जा सकेगा। इस पहल से न केवल कर्मचारियों का सम्मान हुआ, बल्कि उनकी विशेषज्ञता और अनुभव को संगठन की सेवा में बनाए रखने का अवसर भी मिला। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के प्रतिनिधियों ने उपस्थित सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन योजनाओं, विभिन्न लाभ और संबंधित सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पेंशन प्रक्रिया, विकल्प और भविष्य में वित्तीय योजना बनाने के तरीकों पर भी स्पष्ट मार्गदर्शन किया। इस प्रकार यह समारोह न केवल सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को सम्मानित करने का माध्यम बना, बल्कि उन्हें वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने का भी अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस आयोजन को सफल और प्रेरणादायक बताया।

 

#भोपालमंडल #सेवानिवृत्तिसमारोह #कर्मचारीसम्मान #स्मृतिचिन्ह #प्रमाणपत्र #कर्मचारीयोगदान #संगठनकार्यक्रम