आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप) के एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदल गया है। रविवार को छिंदवाड़ा में हल्की बारिश हुई। जबकि भोपाल, उज्जैन, रतलाम समेत कई जिलों में बादल छाए रहे तो रात में तेज हवा चली। ऐसा ही मौसम सोमवार को भी रहेगा। भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन समेत 29 जिलों में हल्की बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भोपाल, ग्वालियर, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुरकलां, शिवपुरी, गुना, अशोक नगर, राजगढ़, आगर-मालवा, शाजापुर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, नीमच, झाबुआ, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, सागर, पन्ना, छतरपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, रीवा और सतना जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
इसलिए बदला मौसम
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि 16 और 17 अक्टूबर को मध्यप्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्से में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होगी। बारिश का दौर थमने के बाद ठंड का असर बढ़ेगा। अक्टूबर के आखिरी में रात के टेम्प्रेचर में गिरावट होगी।
17 अक्टूबर को यहां बारिश के आसार
ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, श्योपुर कलां, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, पन्ना और सतना जिले में।
दो दिन ऐसा रहेगा मौसम…
भोपाल में भी बदला मौसम, आज बारिश के आसार
सोमवार को भोपाल के बैरसिया, बैरागढ़ और पुराने शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। अरेरा हिल्स, कोलार समेत शहर के अन्य इलाकों में बादल छाए रहेंगे।
रविवार को ऐसा रहा मौसम
भोपाल में सुबह बादल छाए रहे। छिंदवाड़ा में हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि, खजुराहो, गुना, ग्वालियर, रीवा में गर्मी का असर रहा। यहां दिन का तापमान 36-37 डिग्री तक रहा। खजुराहो में सबसे ज्यादा 37 डिग्री पारा रहा।
भोपाल में 35.7 डिग्री, जबलपुर में 34.2 डिग्री, ग्वालियर में 36.1 डिग्री और इंदौर में पारा 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गर्मी-गुलाबी ठंड का असर रहा, अब बारिश भी
अक्टूबर में तीनों मौसम का ट्रेंड है। जैसे दिन में गर्मी पड़ती है। इस बार ऐसा ही हुआ। भोपाल, ग्वालियर, दमोह, जबलपुर, उज्जैन समेत कई शहरों में अक्टूबर में ऐसी गर्मी पड़ी कि जैसे मार्च-अप्रैल का महीना हो। कई जिलों में पारा 37 डिग्री से ज्यादा ही रहा।
अक्टूबर के शुरुआती सप्ताह में गुलाबी ठंड का असर भी रहा। हालांकि, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव नहीं होने, राजस्थान से सूखी हवा के आने और धूप की तीव्रता 20% तक बढ़ने से गुलाबी ठंड का असर कम हो गया।
15 से 17 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है। इस तरह अक्टूबर में बारिश का ट्रेंड भी बरकरार रहेगा।