आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय मूल के समीर शाह ब्रिटिश मीडिया BBC के चेयरमैन चुने गए हैं। ब्रिटेन की सुनक सराकर ने ये फैसला लिया है। महाराष्ट्र के औरंगाबाद में पैदा हुए 71 साल के समीर फिलहाल जूनिपर कम्यूनिकेशन्स के CEO हैं। बतौर BBC चेयरमैन समीर हफ्ते में 3 दिन काम करेंगे, जिसके लिए उन्हें सालाना 1.67 करोड़ की तनख्वाह मिलेगी।
शाह इससे पहले BBC के बोर्ड में डायरेक्टर के पद पर रह चुके हैं। वो BBC में राजनीतिक और करेंट अफेयर्स से जुड़े मामलों के अहम भूमिका निभा चुके हैं। शाह को टेलीविजन में सेवाओं के लिए 2019 में महारानी एलिजाबेथ ने CBE यानी कमांडर ऑफ मोस्ट एक्सिलेंट ऑर्डर ऑफ द ब्रिटिश एम्पायर अवॉर्ड से सम्मानित किया था।
बोरिस जॉनसन के साथ बातचीत लीक होने के बाद रिचर्ड शार्प ने इस्तीफा दिया
शाह BBC में रिचर्ड शार्प की जगह लेंगे, जिन्हें पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के साथ बातचीत लीक होने और मामले में जांच शुरू होने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था। शाह इससे पहले 2007-2010 के बीच नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर रह चुके हैं।
शाह पर BBC के मिशन ‘इन्फॉर्म, एजुकेट और एंटरटेन’ को पूरा करने की जिम्मेदारी होगी। इसके अलावा सरकार के साथ लाइसेंस फीस को लेकर भी शाह ही चर्चा करेंगे। आधिकारिक तौर पर BBC के चेयरमैन का पद संभालने से पहले ब्रिटेन के अलग-अलग कुछ सांसद शाह से सवाल-जवाब करेंगे।
BBC अध्यक्ष चुने जाने पर समीर शाह ने कहा- अगर मैं अपने अनुभव और स्किल्स के जरिए आने वाले सालों में इस संगठन को चुनौतियों से निकलने में मदद सर सकूंगा, तो ये मेरे लिए सम्मान की बात होगी। BBC का ब्रिटेन के नागरिकों के जीवन में एक अहम स्थान है। संगठन पर देशभर के दर्शकों तक पहुंचने का कर्तव्य है। मैं कॉम्पिटिशन के दौर में हर फर्ज को निभाने की कोशिश करूंगा।
1952 में औरंगाबाद में जन्मे थे शाह
औरंगाबाद में जन्मे शाह 1960 में इंग्लैंड आए थे। उन्होंने ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से पढ़ाई की और नस्लीय विषयों से संबंधित विशेषज्ञ हैं। वे 2021 में ब्रिटिश सरकार की नस्लीय और जातीय असमानता आयोग की रिपोर्ट के को-राइटर थे।
BBC के एक प्रवक्ता ने कहा- हम इस घोषणा का स्वागत करते हैं कि समीर शाह को BBC अध्यक्ष के रूप में चुना गया है और औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड में उनके शामिल होने की उम्मीद है। BBC के मुताबिक, शाह के चयन को बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि अब बीबीसी में शीर्ष पर एक पत्रकार होगा। BBC स्वतंत्र संस्था है, लेकिन इसके अध्यक्ष की नियुक्ति सरकार द्वारा की जाती है।