सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड– न्यूज़ भोपाल : शिष्यों से रेप के आरोपी भगोड़े नित्यानंद ने दावा किया है कि उसे अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में आने का न्योता मिला है। नित्यानंद ने कहा है कि वो समारोह में जरूर शामिल होंगे। सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए नित्यानंद ने लिखा- यह एक ऐतिहासिक आयोजन है।
नित्यानंद ने कहा- इस दिन पारंपरिक प्राण प्रतिष्ठा के दौरान भगवान राम की प्रतिमा को दुनिया के कल्याण के लिए मुख्य देवता के तौर पर स्थापित किया जाएगा। मुझे इस समारोह का आधिकारिक निमंत्रण मिला है। कैलासा में भी इस दौरान सेलिब्रेशन होगा। यहां कैलासा के समय के मुताबिक, रात 9 बजे मंदिरों में भगवान राम की पूजा होगी। रात 11 बजे अखंड राम जाप होगा।
कैलासा में भी होगा अखंड राम जाप
समारोह के तहत रात 12:30 बजे मुख्य अतिथि का स्वागत होगा। इसके बाद कैलासा के समय के मुताबिक 1:30 बजे जब भारत में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी, तब कैलासा के मंदिरों में दीपक जलाए जाएंगे। इसके अलावा नित्यानंद के यूट्यूब हैंडल पर भी पूरे कार्यक्रम का प्रसारण होगा।
बता दें कि नित्यानंद पर भारत में उसके शिष्यों ने रेप और किडनैपिंग के आरोप लगाए थे। 2019 में वो देश छोड़कर भाग गया था। उसने अपना अलग द्वीप बसाने और इसे अलग देश का दर्जा मिलने का दावा किया था। हालांकि, अब तक इस द्वीप या देश को किसी देश ने मान्यता नहीं दी है।