सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में कमी पर बीएमओ बैरसिया को नोटिस, 6 अक्टूबर को कृमि मुक्ति दिवस

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशन में जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक गुरुवार को डॉ. कैलाशनाथ काटजू सिविल अस्पताल में आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत इला तिवारी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से अध्यक्षता कर रहीं थी। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की पोषण सेवाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों से पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन और योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी ली गई। बैठक के दौरान बैरसिया विकासखंड में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के शीघ्र पंजीयन, हाई रिस्क गर्भावस्था के चिह्नांकन और उनके समुचित प्रबंधन में कमी सामने आई। इस पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ), बैरसिया को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

6 अक्टूबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बैठक में आगामी राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिले में 6 अक्टूबर को अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को अल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इसका उद्देश्य बच्चों को आंतों में होने वाले कृमि संक्रमण से बचाव करना है। बैठक में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के दौरान बच्चों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके अलावा गोविंदपुरा सिविल अस्पताल स्थित पोषण पुनर्वास केंद्र में जरूरतमंद बच्चों के भर्तीकरण, पोषण ट्रैकर में जानकारी की निगरानी तथा मौसमी बीमारियों की स्थिति सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. मनीष शर्मा, महिला एवं बाल विकास विभाग के सुनील सोलंकी सहित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एमओ #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #रगत #भवत