आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : BBC ने अपने एक एंकर को सस्पेंड कर दिया है। उस पर आरोप हैं कि उसने कई सालों तक लाखों रुपए खर्च कर नाबालिग से उसकी न्यूड फोटोज खरीदी थीं। ब्रिटेन के ‘द सन’ सामाचार पत्र के मुताबिक BBC के एंकर के खिलाफ गुरुवार को एक टीनएजर लड़की की मां ने आरोप लगाए थे।

उसने दावा किया कि एंकर ने उसकी बेटी को 3 सालों में 35 हजार पाउंड, यानी 37 लाख रुपए दिए और इनके बदले उसकी तस्वीरें खरीदीं। एंकर ने लड़की को उसके 17 साल का होने तक पेमेंट की। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की अब 20 साल की हो चुकी है।

मां बोली- बेटी कोकेन खरीदती थी, सेहत बिगड़ी

मां ने द सन को बताया कि इन पैसों से उनकी बेटी कोकेन खरीदती थी। उन्होंने कहा अगर पत्रकार ने उसकी बेटी को पैसे भेजने नहीं बंद किए होते वो मर चुकी होती। कोकेन का उसकी सेहत पर काफी बुरा असर पड़ा है।

उन्होंने ये भी बताया कि एंकर ने उसकी बेटी से कई बार अश्लील हरकतें करने को भी कहा था। द सन ने दावा किया है कि खबर छपने के बाद एंकर ने कई बार पीड़ित लड़की को फोन किया।

आरोप- BBC ने एक्शन लेने में की देरी

मामला सामने आने के बाद BBC पर आरोप लग रहे हैं कि उसने एंकर पर सही समय पर एक्शन नहीं लिया। नग्न तस्वीरों के मामले में पत्रकरा पर पहला आरोप मई में लग चुका था। इसके एक महीने बाद तक वो शो करते रहा। इसके बाद पीड़ित परिवार ने उसकी हकीकत उजागर करने के लिए दूसरे मीडिया हाउस का सहारा लिया।

वहीं, BBC ने कहा है कि मामले की जांच, सबूतों और तथ्यों को जांचने के बाद ही एक्शन लिया गया। एक्शन लेने में लापरवाही बरतने के आरोपों पर BBC की कल्चर एडिटर केटी रजल ने कहा है कि ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि परिवार ने ठीक से रिस्पॉन्स नहीं किया।

BBC क्या है और इसके मालिक कौन हैं?

ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन यूनाइटेड किंगडम का नेशनल ब्रॉडकास्टर है। ये दुनिया के सबसे पुराने और बड़े मीडिया हाउस में से एक है। इसके पूरी दुनिया में करीब 35 हजार कर्मचारी हैं। यह 40 भाषाओं में खबरें प्रसारित करता है।

18 अक्टूबर 1922 को BBC की शुरुआत एक प्राइवेट कंपनी के तौर पर हुई। 1926 में इसे यूनाइटेड किंगडम ने सरकारी संस्था बना दिया। तब से आज तक BBC रॉयल चार्टर के तहत संचालित होती है। हालांकि, अपनी कवरेज के लिए ये पूरी तरह स्वतंत्र है।

रॉयल चार्टर में BBC का उद्देश्य भी लिखा है। इसके मुताबिक, ‘BBC को यूनाइटेड किंगडम के सभी हिस्सों और पूरी दुनिया के लोगों की समझ बनाने के लिए विधिवत सटीक और निष्पक्ष समाचार, करेंट अफेयर्स और तथ्यात्मक प्रोग्रामिंग प्रदान करनी चाहिए।’

BBC की हिंदुस्तानी सेवा ने अपना पहला प्रसारण 11 मई 1940 को किया। इसी दिन विंस्टन चर्चिल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने थे। BBC हिन्दुस्तानी सर्विस का उद्देश्य द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान भारतीय उपमहाद्वीप के सैनिकों तक समाचार पहुंचाना था।

 

बांग्लादेश की लड़ाई हो या इंदिरा गांधी की हत्या या फिर कोई और बड़ी अंतरराष्ट्रीय घटना। कई मौकों पर BBC ने सबसे पहले खबरें दीं, जिससे लोगों का भरोसा बना। 2001 में BBC हिंदी डॉट कॉम की शुरुआत हुई और फिर अन्य भारतीय भाषाएं जुड़ती गईं।