आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थित नेवार्क में खालिस्तानी कट्टरपंथियों ने हिंदू मंदिर को निशाना बनाया है। यहां कुछ लोगों ने एक मंदिर में तोड़फोड़ करने के बाद मंदिर की दीवारों पर भारत-विरोधी नारे लिख दिए। इस घटना का कैलिफोर्निया पुलिस ने संज्ञान लिया है और मामले में जांच बिठा दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस मंदिर पर खालिस्तानियों ने हमला किया है, वो वॉशिंगटन डीसी से 100 किमी दूर स्थित है। हिंदू अमेरिकी फाउंडेशन ने सोशल मीडिया तस्वीरें शेयर की हैं। इनमें मंदिर की एक दीवार पर भिंडरावाले को शहीद बताया।

‘हेटक्राइम के तहत जांच हो’

खालिस्तानियों ने मंदिर के बोर्ड पर भी भारत-विरोधी चित्रकारी की गई है। हिंदू-अमेरिकी संस्थान ने इस घटना की हेट क्राइम (नफरती अपराध) के तौर पर जांच की मांग की है। खालिस्तानियों ने मंदिर की दीवार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में भी अपशब्द लिखे हैं।

हाल ही के दिनों में पश्चिमी देशों में खालिस्तानियों के हिंदू मंदिरों पर हमले बढ़े हैं। अमेरिका में मंदिर पर हमला तब हुआ है, जब अमेरिका ने हाल ही में दावा किया था कि आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की एक भारतीय प्लानिंग कर रहा था। इस मामले पर पीएम मोदी ने फाइनेंशियल टाइम्स के साथ एक इंटरव्यू में कहा था कि अमेरिका की ओर से दिए गए सबूतों को देखा जाएगा।

इसके अलावा उन्होंने कहा था कि कुछ घटनाएं भारत-अमेरिका संबंधों को पटरी से नहीं उतार सकती। इसके अलावा पीएम मोदी ने खालिस्तानियों पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि ये तत्व अभिव्यक्ति की आजादी की आड़ में धमकी देते और हिंसा भड़काते हैं।