आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में एक विस्फोट में पूरा घर तबाह हो गया। दरअसल, आर्लिंगटन शहर में पुलिस को एक संदिग्ध के फ्लेयर गन से फायरिंग की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस सर्च वॉरंट के साथ वहां पहुंची। तभी घर में कई राउंड फायरिंग और तेज धमाका हुआ। इसके बाद वहां आग लग गई।

फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। धमाके में कुछ पुलिस अफसरों को हल्की चोट आई है। घर में धमाके का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद आसपास के कई लोगों को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। वहीं बाकियों को घर के अंदर ही रहने की सलाह की गई है।

पुलिस ने 3 घंटे तक आरोपी से नेगोशिएट किया

आर्लिंगटन काउंटी पुलिस के प्रवक्ता ऐश्ले सैवेज ने कहा- हमें सोमवार को शाम करीब 4:45 बजे फ्लेयर गन से फायरिंग की सूचना मिली थी। जब हम लोकेशन पर पहुंचे तो हमने गन चलाने वाले शख्स से को-ऑपरेट करते हुए बाहर आने को कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। फिर रात करीब 8 बजे घर में विस्फोट हो गया।

जिस घर में धमाका हुआ, उसके पास रह रही एक महिला ने बताया- मुझे ऐसा लगा था जैसे मेरा घर तेजी से हिल रहा हो। पूरे घर में कांच के टुकड़े भर गए थे। मैं एक घंटे तक कांप रही थी। फिलहाल आर्लिंगटन पुलिस धमाके की जांच कर रही है। घर में धमाका करने वाले व्यक्ति की अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है।

4 परिजनों की हत्या के बाद इमारत में आग लगाई

इससे पहले रविवार को न्यूयॉर्क में एक शख्स ने 2 बच्चों सहित 4 परिजनों की हत्या कर दी थी। हमलावर ने दो पुलिस अफसरों पर भी चाकू से हमला किया था और एक बिल्डिंग में आग लगा दी थी। हालांकि, बाद में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर मारा गया था।

अमेरिका में 3 जगह गोलीबारी, 22 लोगों की मौत:50 से ज्यादा घायल, कई की हालत गंभीर; हमलावर की तस्वीर सामने आई

अमेरिका के ल्यूइस्टन, मेन के एक रेस्टोरेंट में बुधवार की रात मास शूटिंग में 22 लोगों की मौत हो गई है। करीब 60 घायल हो गए हैं। इनमें से कई की हालत गंभीर है। CNN के मुताबिक, पुलिस ने लोगों से छिपने के लिए कहा है, क्योंकि अभी तक हमलावर पकड़ा नहीं गया है। उसके इलाके में छिपे होने की खबर है। इसका नाम रॉबर्ट कार्ड बताया जा रहा है।