सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अमेरिका के मैरीलैंड में एक कार्गो जहाज के टकराने से ‘फ्रांसिस स्कॉट की ब्रिज’ का एक हिस्सा ढह गया। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, घटना अमेरिकी समयानुसार रात करीब डेढ़ बजे हुई। पुल से टकराने के बाद इसमें आग लग गई और जहाज डूब गया।
सिंगापुर के झंडे वाला यह जहाज श्रीलंका की राजधानी कोलंबो जा रहा था। इसे रवाना हुए सिर्फ 30 मिनट हुए थे और यह 22 अप्रैल को श्रीलंका पहुंचने वाला था। जहाज का नाम दाली बताया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि 7 लोगों को रेस्क्यू करने की कोशिश की जा रही है। पुल ढहने की वजह से इस पर मौजूद कई गाड़ियां भी पानी में गिर गईं।
दाली जहाज 948 फीट लंबा, यह पेटाप्सको नदी पर बना
अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पुल पर कितने लोग मौजूद थे और वे अब किस स्थित में हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, मैरीलैंड ट्रांसपोर्टेशन अथॉरिटी ने बताया कि ब्रिज पर हादसे के बाद सभी लेन बंद कर दी गई हैं और ट्रैफिक रोक दिया गया है।
दाली जहाज 948 फीट लंबा था। फ्रांसिस की ब्रिज को 1977 में पेटाप्सको नदी के ऊपर बनाया गया। इसका नाम अमेरिका का राष्ट्रगान लिखने वाले फ्रांसिस स्कॉट की के नाम पर रखा गया है।
जहाज का क्रू सुरक्षित, टक्कर की वजह साफ नहीं
दाली जहाज के मालिकाना हक वाली कंपनी ने बताया कि जहाज पर मौजूद दोनों पायलट समेत पूरा क्रू सुरक्षित है। इन्हें चोट नहीं आई है। जहाज और पुल के बीच टक्कर का कारण अभी सामने नहीं आया है। जहाज के मालिक और अधिकारी इसकी जांच कर रहे हैं।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, बाल्टिमोर हार्बर में पानी का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस है। अमेरिका के सेंटर फॉर डीसीज कंट्रोल के मुताबिक, 21 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान होने पर शरीर का टेम्परेचर भी तेजी से गिरता है। इसकी वजह से पानी में डूबे लोगों की जान को खतरा हो सकता है।
पिछले साल बाल्टिमोर पोर्ट से गुजरा 6.67 लाख करोड़ का सामान
मैरीलैंड सरकार की वेबसाइट के मुताबिक, पिछले साल बाल्टिमोर पोर्ट से करीब 5.2 करोड़ टन का अंतरराष्ट्रीय कार्गो (सामान) गुजरा था। इसकी कीमत 6.67 लाख करोड़ थी। इस पोर्ट के जरिए 15 हजार से ज्यादा लोगों को सीधे तौर पर नौकरी मिली है। वहीं इसकी वजह से मैरीलैंड में भी करीब 1.39 लाख लोगों का गुजारा चलता है।