पेरिस । मैड्रिड ओपन विजेता स्पेन के युवा टेनिस स्टार कार्लोस अल्कराज पर फ्रेंच ओपन टेनिस में सबकी नजरें रहेंगी। अल्कराज ने मैड्रिड ओपन में जिस प्रकार अपने ही देश के शीर्ष खिलाड़ी रफल नडाल और विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को हराया था। उससे सभी हैरान रह गये थे।

इसके बाद अल्कराज ने खिताबी मुकाबले में जर्मनी के अलक्जेंडर ज्वेरेव को हराया था। इसके अलावा उसने इस साल चार खिताब जीते हैं जिसमें मियामी और मैड्रिड ओपन शामिल हैं। अब उसका लक्ष्य रोला गैरा पर पहला ग्रैंड स्लैम जीतना रहेगा। विश्व के इस छठे वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी ने कहा है कि मेरा लक्ष्य फ्रेंच ओपन जीतना है।

दूसरी ओर फ्रेंच ओपन में नडाल हमेशा हावी रहे हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा 13 बार खिताब जीता है। नडाल को फ्रेंच ओपन का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है पर वह पीठ की चोट से उबर रहे हैं। इस चोट के चलते वह कुछ टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाए थे। ऐसे में वह पर्याप्त अभ्यास नहीं कर पाये हैं।

वहीं जोकोविच बेहतरीन फॉर्म में हैं। हाल ही में उन्होंने रोम मास्टर्स का खिताब अपने नाम किया है। वह अब तक 20 ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं। जोकोविच भी फ्रेंच ओपन खिताब जीतकर 21वां ग्रैंड स्लैम जीतने के नडाल के रिकार्ड की बराबरी करना चाहेंगे। जोकोविच ने गत वर्ष फ्रेंच ओपन फाइनल में यूनान के स्टीफानोस सिटसिपास को हराकर यह खिताब जीता था।