आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सलमान खान के साथ हमारा एक शॉट था। उसे डुप्लीकेट से कराया जाना था। तभी सलमान मेरे पास आए और बोले- मैं ओरिजिनल करने वाला हूं। मैंने कहा कि आप कर रहे हो तो मैं भी करूंगा। उन्होंने फाइट डायरेक्टर को आवाज लगाई और कहा ओरिजिनल करेंगे। इसी बीच राइटर डायरेक्टर केके सिंह बोले अखिलेंद्र बाबू क्या कर रहे हैं आप? वह ट्रेंड है, फाइट के लिए आप नहीं। मेरी फिल्म बंद करवाएंगे क्या?

ये बातें बॉलीवुड एक्टर अखिलेंद्र मिश्रा ने साझा की। जो फिल्म वीरगति के सेट पर हुई थीं। उन्होंने अपने खास अंदाज में बताया कि सलमान खान और वे एक 10 इंच चौड़ी रैलिंग पर करीब 20 फीट की ऊंचाई पर थे। तभी सलमान खान ने कहा कि मैं तो कूद जाऊंगा। आप अपना देख लो।

दरअसल, अखिलेंद्र मिश्रा इन दिनों एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में भोपाल पहुंचे हैं। वे कई दिन से अलग-अलग लोकेशंस पर शूट कर रहे हैं। इस दौरान दैनिक भास्कर से उन्होंने बात की…

नवाज-पंकज को कभी थिएटर करते नहीं देखा

थिएटर कलाकार अखिलेंद्र ने बताया कि मैंने नवाजउद्दीन सिद्दीकी और पंकज त्रिपाठी को भी थिएटर करते नहीं देखा। जब तक मैं देखूंगा नहीं, तब तक तो कुछ नहीं कह सकता। थिएटर में री-टेक नहीं होता। मगर फिल्म में कई री-टेक होते हैं। हां, मैंने नवाज और पंकज को फिल्मों में खूब देखा है, वे बेहतरीन काम करते हैं। वह भी लाजवाब अंदाज में।

कमल हसन के साथ इंडियन 2 में आऊंगा नजर

अखिलेंद्र मिश्रा ने अपने आने वाले प्रोजेक्ट के बारे में बात करते हुए कहा कि अब मैं कमल हसन साहब के साथ अभिनय करता दिखूंगा। हमारी अगली फिल्म इंडियन 2 है। यह पहली वाली का ही दूसरा पार्ट है। इसमें मैंने एक अलग तरह का प्रयोग किया है।

उम्मीद है कि वह दर्शकों को पसंद आएगा। कमल हसन साहब के साथ बहुत अच्छा अनुभव रहा। आज भी हम सीख रहे हैं और उनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है। इसके अलावा एक अन्य फिल्म पीएमटी कोचिंग भी आने वाली है।

भोपाल अब पहले से बेहतर

मैं पहले भी भोपाल आया हूं, मगर सच तो यह है कि अब भोपाल बहुत क्लीन सिटी के रूप में दिखाई देता है। मतलब आजकल यह इंदौर की तरह हो गया है। इसके अलावा मैं भोजपुर गया था, वहां मंदिर में दर्शन किए। बहुत ही अद्भुत जगह है। यह सब तो पौराणिक इतिहास है, बहुत अच्छा लगा वहां जाकर मुझे।

अब चल रही यह तैयारी

अखिलेंद्र मिश्रा ने बताया कि इन दिनों थिएटर स्वामी विवेकानंद का पुन: पाठ की तैयारी चल रही है। यह एकल प्रस्तुति है। इसको लिखा भी मैंने ही है। डायरेक्ट भी मैंने किया। इसमें मैं विवेकानंद के प्रसंग सुनाता हुआ दिखूंगा। खास तौर पर वह प्रसंग हैं जो कि आम तौर पर लोगों को नहीं मालूम होते हैं। आज जो दुनिया में चल रहा है प्रसंग उसको बताते हैं।