सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आईसेक्ट ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज द्वारा देश एवं प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के सम्मान के लिए एजीयू स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड 2025-26 समारोह का आयोजन भोपाल स्थित रेडिसन होटल में किया गया। समारोह में विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 148 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह में मध्य प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अशोक कुमार सिंह ‘ध्यानचंद’, एसजीएसयू के कुलाधिपति डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी, आरएनटीयू की प्रो चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, आरएनटीयू के कुलगुरु डॉ. आर.पी. दुबे और कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी और राजीव अग्रवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और देश के प्रति गौरव की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मध्य प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उन्हें उचित प्रशिक्षण, सुविधाएं एवं अवसर उपलब्ध कराकर राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जा सकता है।
अशोक कुमार सिंह ‘ध्यानचंद’ ने कहा कि मेरे पिता एवं महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जीवन से खिलाड़ियों को हमेशा प्रेरणा लेनी चाहिए। खेल के क्षेत्र में समर्पण सबसे ऊपर है। आज देश खिलाड़ियों से अपेक्षा करता है कि वे नए रिकॉर्ड बनाएं और पुराने रिकॉर्ड तोड़ें। भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे हो चुके हैं और यह हमारे लिए गौरव की बात है। उन्होंने रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा खेलों के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने के ऐसे प्रयास खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम की उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसके पीछे उनके प्रशिक्षकों, परिवार और संस्थान का निरंतर सहयोग भी महत्वपूर्ण होता है। हमें गर्व है कि खेलों के क्षेत्र में रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय देश में 16वें स्थान पर और मध्य प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। यह उपलब्धि हमारे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और पूरे विश्वविद्यालय परिवार के समर्पण का परिणाम है।
वहीं, डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय हैं। एजीयू द्वारा खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनकी मेहनत को पहचान देना और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। हम खेल प्रतिभाओं को आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरएनटीयू के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
एजीयू स्पोर्ट्स अचीवर्स अवार्ड के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। उपलब्ध कराए गए पुरस्कार विवरण में आरएनटीयू के खिलाड़ियों में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता विवेक सागर प्रसाद, हॉकी खिलाड़ी इशिका चौधरी एवं ज्योति सिंह, एवरेस्ट समिट करने वाली अंजना यादव, जूडो में एशियन कप की कांस्य पदक विजेता श्रद्धा चापोड़े, शूटिंग में एशियन चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता मानसी रघुवंशी, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में स्वर्ण पदक जीतने वाली लक्ष्मी तथा ट्रायथलॉन वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल करने वाले प्रेम किशोर महितो प्रमुख रहे।
इसके अलावा वांशिका तिवारी, श्रेष्ठा सिसोदिया, अमन चौहान, श्रिवल्ली श्रीवास्तव, हृतिका सिंह एवं जतिन ने भी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सहभागिता की। वहीं सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, खंडवा के नीरज किशोर ने एशियन चैंपियनशिप, पटाया 2026 में कुश्ती में कांस्य पदक हासिल किया।
खेलो इंडिया और ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में भी पदक
आरएनटीयू के खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, राजस्थान 2025 में जूडो, फेंसिंग, शूटिंग, एथलेटिक्स और मल्लखंब सहित विभिन्न खेलों में पदक हासिल किए।
रोइंग में आरएनटीयू के खिलाड़ियों ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्पर्धाओं में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक हासिल किए। पुरस्कार विवरण में रोइंग के 26 खिलाड़ियों को सम्मान राशि के लिए शामिल किया गया है। मल्लखंब, कराटे और बैडमिंटन में भी विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित किए।
प्रशिक्षकों को भी मिला सम्मान
खिलाड़ियों की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 14 प्रशिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इनमें हॉकी, जूडो, शूटिंग, बैडमिंटन, रोइंग, मल्लखंब, कराटे, फेंसिंग और एथलेटिक्स से जुड़े प्रशिक्षक शामिल हैं।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियों के पीछे उनके निरंतर परिश्रम के साथ प्रशिक्षकों, विश्वविद्यालय और परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। एजीयू द्वारा खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों को सम्मानित करना खेल प्रतिभाओं के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
आईसेक्ट ग्रुप ऑफ यूनिवर्सिटीज द्वारा शिक्षा के साथ खेलों को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #148 #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #अवसर #आईस