आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खालिस्तान लिब्रेशन फोर्स (KLF) प्रमुख और अमृतपाल सिंह के हैंडलर आतंकी अवतार सिंह खांडा की मौत पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। UK मीडिया की इन्वेस्टिगेशन रिपोर्ट ने खांडा के करीबियों के इंटरव्यू का जिक्र किया है। जिसमें वे साफ कह रहे हैं कि खांडा मौत के एक सप्ताह पहले पूरी तरह से स्वस्थ था। इतना ही नहीं, मां चरण कौर ने भी भारत में उसे परेशान करने के आरोप लगाए हैं।

यूके के अखबार द गार्डियन में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि खांडा ने जून में अपनी मौत से पहले बर्मिंघम में शिकायत की थी कि भारतीय पुलिस फोन पर उसे मौखिक रूप से परेशान कर रही थी और पंजाब में उसके परिवार को धमकी दे रही थी।

इस रिपोर्ट में आतंकी अवतार सिंह खांडा की मौत पर सवाल उठाए गए हैं। जिसमें परिवार और दोस्तों ने उसकी मौत को संदिग्ध बताया था। ये मौत एक साजिश से मेल खा रही है, जिसमें अमेरिकी अधिकारियों ने भी आरोप लगाया है, भारतीय खुफिया विभाग से करीबी संबंध रखने वाला एक भारतीय सरकारी अधिकारी कनाडा और अमेरिका में सिख कार्यकर्ताओं की हत्या का आदेश दे रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने ब्लड कैंसर बताया मौत का कारण

ब्रिटिश अधिकारियों का साफ कहना है कि खांडा की मौत पर कोई संदेश नहीं है और उसकी मौत का कारण ब्लड कैंसर था। वेस्ट मिडलैंड्स फोर्स का कहना है कि कोरोनर (मृत्यु की जांच करने वाले अधिकारी) ने संतुष्टि जाहिर की थी कि कोई संदिग्ध परिस्थितियां नहीं हैं, मौत पर संदेह करने का कोई कारण नहीं है। आधिकारिक तौर पर कहा गया कि खांडा की मौत माइलॉयड ल्यूकेमिया से हुई थी।

खालिस्तानी समर्थक ने भी उठाए थे सवाल

खालिस्तानी समर्थकों, दोस्तों और परिवार के सदस्य ब्रिटिश अधिकारियों के बयानों का खंडन करते रहे हैं। बर्मिंघम में खांडा के सहयोगियों का दावा है कि वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने उसकी मौत के बाद दोस्तों और परिवार से बयान नहीं लिया और उसके साथ रहने वालों से बात भी नहीं की। इतना ही नहीं, उसे मिलने वाली धमकियों के बारे में भी कोई कार्रवाई नहीं हुई और जांच के लिए कोई केस नंबर भी जारी नहीं किया गया।

वहीं, द गार्डियन की जांच में एक और बात सामने आई कि ब्रिटेन ने सिख राजनीति में भारत के कथित हस्तक्षेप के कारण इस साल की शुरुआत में एक भारतीय खुफिया अधिकारी को ब्रिटेन से निष्कासित कर दिया था, लेकिन ब्रिटेन विदेश मंत्रालय ने इस पर को जवाब या प्रतिक्रिया नहीं दी।

मां ने भारतीय एजेंसियों पर उठाए सवाल

वहीं, गार्डियन ने भारत में रहने वाली मां चरण कौर और बहन जसप्रीत कौर के एक विदेशी मीडिया को दिए इंटरव्यू का भी जिक्र किया है। जिसमें मां आरोप लगा रही है कि खुफिया एजेंसियों के अधिकारी अप्रैल में पंजाब के मोगा में उनके घर आए और उन्हें बताया कि उनकी जांच चल रही है। पुलिस ने उससे खांडा के साथ रिश्तों के बारे में पूछा और ये भी कहा कि उनके बैंक खातों की जांच चल रही है। उन्होंने अवतार के बारे में भी पूछताछ की। इसके बाद उन्होंने उसकी बेटी जसप्रीत कौर को गिरफ्तार करने की धमकी भी दी थी।