आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (16 जून) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 250 अंक चढ़कर 63150 के पार कारोबार कर रहा है जबकि निफ्टी में 80 से ज्यादा अंकों की मजबूती है। ये 18750 के करीब ट्रेड कर रहा है।
आज के कारोबार में आईटी इंडेक्स फ्लैट दिख रहा है। बैंक, फाइनेंशियल, ऑटो, मेटल, फार्मा और रियल्टी सहित अन्य इंडेक्स मजबूत हुए हैं। सेंसेक्स में 30 शेयरों में से 26 में तेजी और केवल 4 में गिरावट है। गिरावट वाले शेयरों में TCS, विप्रो, पावर ग्रिड और भारती एयरटेल है। बढ़ने वाले शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट, SBI, ITC और ICICI बैंक जैसे शेयर है।
IKIO लाइटिंग की 38% ऊपर लिस्टिंग
आज IKIO लाइटिंग के शेयरों की लिस्टिंग NSE पर 38% प्रीमियम के साथ 392.50 रुपए पर हुई। इस इश्यू को करीब 68 गुना सब्सक्रिप्शन मिला था। इसका अपर प्राइस बैंड 285 रुपए था। ग्रे मार्केट में शेयर 32% प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा था।
FIIs नेट बायर्स और DIIs नेट सेलर्स
15 जून 2023 के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FIIs) नेट बायर्स रहे वहीं डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DIIs) नेट सेलर्स रहे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के प्रोविजनल डेटा के अनुसार FIIs ने गुरूवार को 3,085.51 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। इस दौरान DIIs ने 297.88 करोड़ रुपए के शेयर बेच दिए।
डाउ जोन्स 429 अंक बढ़कर बंद
अमेरिकी बाजार गुरूवार को मजबूत होकर बंद हुए। डाउ जोन्स में 429 अंकों की बढ़त रही और यह 34,408.06 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स में भी 53 अंकों की तेजी रही और यह 4425.84 के लेवल पर बंद हुआ। नैस्डेक में 156 अंकों की बढ़त देखने को मिली और यह 13,782.82 के लेवल पर बंद हुआ।
सेंसेक्स 310 अंक गिरकर 62,917 के स्तर पर बंद
गुरुवार (15 जून) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 310 अंक गिरकर 62,917 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी में 67 अंकों की गिरावट रही, ये 18,688 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में गिरावट और 12 में तेजी देखने को मिली।