ITDC India e-Press / Agencies

डबल बेड और अलमारी में छिपाए 312 किलो अवैध पटाखे, एक गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली में पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत शाहदरा जिले के बलबीर नगर में पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर करीब 312 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। हैरानी की बात यह रही कि पटाखों का यह बड़ा जखीरा किसी गोदाम में नहीं, बल्कि घर की अलमारी और डबल बेड के अंदर छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने इस मामले में 26 वर्षीय हर्षित मित्तल को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, शाहदरा जिले की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को 3 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि बलबीर नगर निवासी हर्षित अपने घर से अवैध रूप से पटाखे बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान अलमारी और डबल बेड के अंदर बड़ी मात्रा में पटाखे मिले। पुलिस ने कुल 311 किलो 970 ग्राम पटाखे जब्त किए।

जांच में सामने आया कि आरोपी पहले एक रेस्तरां में काम करता था और दिहाड़ी पर अपना गुजारा करता था। पुलिस के मुताबिक, आर्थिक तंगी और जल्दी पैसा कमाने की चाह में उसने अवैध पटाखों की बिक्री शुरू की थी।

इस मामले में शाहदरा थाने में भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पटाखे कहां से खरीदकर लाता था और किन लोगों को उनकी आपूर्ति करता था। उसके संभावित सहयोगियों और बिक्री नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रिहायशी इलाकों में पटाखों के अवैध भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत सूचना दें।


Hashtags: #DelhiState #Delhi #डबल #बेड #अलमारी #छिपाए #312 #किलो #अवैध #डबलबेडऔरअलमारी