आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अमेरिका में 5 जनवरी को अलास्का एयरलाइंस के एयरक्राफ्ट का गेट 16 हजार फीट की ऊंचाई पर टूट गया था। इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए थे। एयरक्राफ्ट ने इमरजेंसी लैंडिंग की थी।

अब एक शख्स ने दावा किया है कि उसे बोइंग 737-9 मैक्स सीरीज के इस प्लेन से गिरा एक iPhone मिला है और यह बिल्कुल ठीक है। इसकी स्क्रीन पर खरोंच तक नहीं आई। इस फोन के मालिक का फिलहाल पता नहीं लग सका है।

कैसे मिला यह iPhone

5 अगस्त को पोर्टलैंड में एयरक्राफ्ट का गेट टूटने की घटना हुई थी। उस वक्त यह बोइंग 737-9 मैक्स सीरीज एयरक्राफ्ट 16 हजार फीट की ऊंचाई पर था। माना जा रहा है कि जब इस प्लेन का गेट टूटा तो कई सीट विंडोज भी डैमेज हुईं और इसी वक्त किसी पैसेंजर का iPhone गिरा। पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का अनाउंसमेंट किया। चंद मिनिट बाद इसने सेफ लैंडिंग की।

इसके बाद अमेरिका के नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTCB) को घटना की जांच करने को कहा गया। NTCB ने पोर्टलैंड और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के नाम एक अपील जारी की। कहा- इस विमान से दरवाजे के अलावा भी कुछ सामान गिरा था। अगर किसी को यह मटेरियल मिलता है, तो हमें जरूर बताएं ताकि जांच में मदद मिल सके।

इसके बाद 7 जनवरी को पोर्टलैंड के ही रहने वाले सीन बेट्स ने NTCB से संपर्क किया और बताया कि उन्हें सड़क के किनारे एक iPhone मिला है। लगता है कि यह अलास्का एयरलाइंस के एयरक्राफ्ट से गिरा है।

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया

बेट्स ने फोन मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। कहा- यह iPhone एयरप्लेन मोड में है। आधा चार्ज है। इतना ही नहीं, इसकी स्क्रीन पर बैगेज क्लेम का मैसेज भी नजर आ रहा है। यह क्लेम अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर ASA1282 के लिए है। कितनी बड़ी बात है कि 16 हजार फीट से गिरने के बाद भी यह फोन परफेक्ट वर्किंग मोड में है।

NTSB को इस इलाके में इसी प्लेन से गिरा यह दूसरा फोन मिला है। ‘पीपुल मैग्जीन’ से बातचीत में जांच एजेंसी के अफसर ने माना कि यह आईफोन अलास्का एयरलाइंस की उसी फ्लाइट से गिरा था, जिसका गेट हवा में टूट गया था। अफसर ने कहा- अमूमन ऐसा होता नहीं है कि 16 हजार फीट की ऊंचाई से गिरी कोई चीज सही-सलामत मिल सके।

फ्लाइट सेफ्टी फाउंडेशन के सीईओ डॉक्टर हसन शाहिदी के मुताबिक- अब जांच एजेंसी को इसके मालिक का पता लगाना चाहिए।

फ्लाइट में क्या हुआ था

5 जनवरी को अमेरिका में अलास्का एयरलाइन का एक विमान पोर्टलैंड शहर के हवाई अड्डे से उड़ान भरता है। बोइंग 737-9 मैक्स सीरीज के इस प्लेन में 171 पैसेंजर और 6 क्रू मेंबर सवार थे। चंद मिनट बाद जैसे ही विमान 16 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंचा, उसका एक दरवाजा टूट गया। प्लेन में एयर प्रेशर इतना घट गया कि लोगों को लगा उनके कान के पर्दे ही फट जाएंगे। विमान को तुरंत इमरजेंसी लैंडिंग के लिए उतारा गया।

इस घटना के 24 घंटे के भीतर एक तरफ अमेरिका ने 737-9 मैक्स सीरीज के करीब 171 विमानों की उड़ान पर रोक लगा दी। वहीं, भारत के एविएशन रेगुलेटर DGCA ने एयरलाइन कंपनियों को अपने बेड़े में शामिल इसी सीरीज के बोइंग 737-8 मैक्स प्लेन के इमरजेंसी एग्जिट डोर के सिक्योरिटी चेक के आदेश दे दिए।