आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : टेक कंपनी एपल अपने पहले मिक्स्ड रियलिटी हेडसेट ‘विजन प्रो’ के सस्ते वेरिएंट पर काम कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी क्वालिटी और फीचर्स को ज्यादा कॉम्प्रोमाइज किए बिना कम कीमत वाला विजन प्रो बनाएगी।
एपल ने साल 2025 के लास्ट तक विजन प्रो के सस्ते वेरिएंट को लॉन्च करने का टारगेट रखा है। इसके जरिए कंपनी अपने डिवाइस को बड़े यूजर बेस तक पहुंचाना चाहती है। दरअसल, एपल ने 5 जून की रात WWDC23 इवेंट में अपना पहला AR/VR हेडसेट ‘विजन प्रो’ को 3500 डॉलर (लगभग 2.88 लाख रुपए) में पेश किया है। कॉम्पिटिटर मेटा के क्वेस्ट से इसकी कीमत 7 गुना अधिक है।
कैसे कम कीमत वाला ‘विजन प्रो’ बनाएगा एपल?
रिपोर्ट में बताया गया है कि विजन प्रो की कीमत बढ़ाने में मुख्य रूप से उसके कैमरे, डुअल एपल सिलिकॉन चिप, सेंसर अरे और ट्विन 4K माइक्रो LED डिस्प्ले हैं। विजन प्रो के कम कीमत वाले वैरिएंट में कंपनी कम क्वालिटी वाले डिस्प्ले का ऑप्शन चुन सकती है। वहीं, एपल आईफोन-ग्रेड या पुराने मैक चिप्स को यूज करने के साथ डिवाइस में कैमरों की संख्या कम कर सकता है।
इसके साथ ही डिवाइस के मौजूदा बिल्ट-इन स्पीकर हटाया जा सकता है, जिसकी जगह पर यूजर्स को एयरपॉड यूज करना पड़ेगा। इसके अलावा कंपनी डिवाइस के कई फीचर्स को कम करेगी।
सस्ते ‘विजन प्रो’ में क्या बदलाव नहीं करेगी कंपनी?
माना जा रहा है कि एपल ‘विजन प्रो’ के सस्ते वेरिएंट में डिवाइस के बाहर की स्क्रीन में किसी भी प्रकार के बदलाव नहीं करेगी। डिवाइस के बाहर की इस स्क्रीन को आईसाइट के रूप में जाना जाता है, जो आंख और हाथ-ट्रैकिंग सिस्टम के साथ विजन प्रो के यूजर्स की आंखों को दिखाती है। यह विजन प्रो की कोर फंक्शनैलिटी है, जिसे कंपनी सस्ते वैरिएंट में भी बनाए रख सकती है।
एडवांस्ड न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट पर बेस्ड है विजन प्रो
‘विजन प्रो’ एडवांस्ड न्यूरल प्रोसेसिंग यूनिट (NPU) पर बेस्ड है। यह NPU आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और मशीन लर्निंग एल्गोरिदम का इस्तेमाल करते हुए यूजर के आसपास के माहौल का रियल टाइम में एनालिसिस कर ऑग्मेंटेड रियलिटी का अलग अनुभव देगा। चाहे वास्तविक जगत पर वर्चुअल चीजों को प्रस्तुत करना हो या उससे संबंधित सूचनाएं देनी हों, ‘विजन प्रो’ डिवाइस बहुत ही आसानी से डिजिटल कंटेंट को हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जोड़ देता है।
सटीक मैपिंग कर 3डी तस्वीर तैयार करता है
‘विजन प्रो’ की एक खासियत इसकी लेटेस्ट स्पेस मैपिंग टेक्नोलॉजी है। यह LEDR और कैमरों सहित एडवांस्ड सेंसर से सुसज्जित डिवाइस यूजर के आसपास की जगह की सटीक मैपिंग कर 3डी तस्वीर तैयार कर देता है। इससे वर्चुअल वस्तुओं को वास्तविक जगत के धरातल से सटीक तरीके से जोड़ने में मदद मिलती है। यह ऑग्मेंटेड रियलिटी का ज्यादा यथार्थवादी और भरोसेमंद अनुभव देता है।