आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के नवनिर्मित मंदिर में ‘‘भगवान लक्ष्मी नारायण’’, शिव परिवार, राम सीता लक्ष्मण जी, दुर्गा जी एवं हनुमान जी की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कलश शोभायात्रा के साथ किया जा रहा है। भोपाल के धर्माधिकारी पंडित विष्णु राजौरिया जी के आचार्यत्व में संपूर्ण पूजन व अनुष्ठान संपन्न कराया जा रहा है। यह आयोजन 4 जून से किया जा रहा है। इसमें सर्वप्रथम कलश शोभायात्रा निकाली गई। तत्पचात् पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश के साथ पूजन विधि का कार्य प्रारंभ हुआ। सर्वप्रथम भगवान का जलाधिवाश, अन्नाधिवास, पर्णपुष्प, फलादिवास कार्यक्रम संपन्न हुआ। दिनांक 6 जून को विश्वविद्यालय परिसर में भगवान की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई तत्पश्चात शैयाधिवास विधि संपन्न हुई। भगवान के विग्रहों के न्यासयादि क्रम के उपरांत उनकी स्थापना के क्रम का शुभारंभ हो गया।
इस पंच दिवसीय आयोजन में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चैबे, इलेक्ट्रानिकी आपके लिए की संपादक विनीता चैबे, आईसेक्ट समूह के एक्जिक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सिद्धार्थ चतुर्वेदी, पल्लवीराव चतुर्वेदी, विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर अदिति चतुर्वेदी वत्स, आईक्यूएसी के निदेशक नितिन वत्स, कुलपति ब्रम्ह प्रकाश पेठिया और कुलसचिव विजय सिंह जी विशेष रुप से पूजा में सम्मिलित हुए।
कल दिनांक 8 जून के अभिजीत मुहूर्त में भगवान लक्ष्मीनारायण की प्राण प्रतिष्ठा एवं पूर्णाहुति का कार्यक्रम श्रीमज्जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती जी महाराज ऋगवैदिय पूर्वाम्नाय गोवर्धन मठपुरी पीठाधीश्वर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा।