आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिकी दौरे के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोनाल्ड रीगन सेंटर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘यहां मुझे हिंदुस्तान के हर कोने के लोग नजर आ रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे मिनी इंडिया उमड़ा है। अमेरिका में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की सुंदर तस्वीर दिखाने के लिए आपको बधाई देता हूं।’
इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। इसके बाद पुरस्कार विजेता इंटरनेशनल सिंगर मैरी मिलबेन ने भारत का राष्ट्रगान ‘जन गण मन…’ गाया। इसके बाद मिलबेन ने पीएम के पैर छुए।
अमेरिका में ही रिन्यू हो जाएगा H-1B वीजा
उन्होंने बताया कि अब अमेरिका में ही H-1B वीजा रिन्यू हो जाएगा। इसके लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। PM ने कहा, ‘जैसे भोजन के बाद स्वीट डिश मिलती है, वैसे ही आपसे बात करना एक मीठी डिश थी जिसे मैं खाकर जा रहा हूं।’ पीएम मोदी ने कहा कि बीते 3 दिनों में मैंने जो बाइडेन के साथ कई मुद्दों पर बात की। मैं अनुभव से कहता हूं कि बाइडेन एक सुलझे हुए अनुभवी नेता हैं।’
PM मोदी की स्पीच की बड़ी बातें…
भारत लोकतंत्र की जननी है और अमेरिका, आधुनिक लोकतंत्र का चैम्पियन है। आज दुनिया, दो महान लोकतंत्रों की साझेदारी को और सशक्त होते देख रही है।
भारत में हो रही प्रगति का सबसे बड़ा कारण है- भारत का आत्मविश्वास, भारत के लोगों का आत्मविश्वास है। भारत में पिछले कुछ सालों में डिजिटल क्रांति आई है।
भारत इस साल सिएटल में एक नया कॉन्सुलेट खोलने जा रहा है। इसके अलावा भी अमेरिका के 2 और शहरों में भारतीय कॉन्सुलेट खोले जाएंगे। अब अहमदाबाद और बेंगलुरु में भी अमेरिका के नए कॉन्सुलेट खुलने जा रहे हैं।
फाइटर इंजन प्लेन बनाने का फैसला भारत के डिफेंस सेक्टर के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। इस समझौते से अमेरिका म्यूचुअल ट्रस्ट को भी शेयर करेगा।
भारत में गूगल का AI रिसर्च सेंटर 100 से ज्यादा भारतीय भाषाओं पर काम करेगा। इससे भारत में ऐसे बच्चों को पढ़ने में आसानी होगी, जिनकी मातृभाषा अंग्रेजी नहीं है।
भारत सरकार की मदद से यहां यूनिवर्सिटी ऑफ ह्यूस्टन में तमिल स्टडी चेयर की स्थापना की जाएगी। दुनिया की सबसे पुरानी भाषा तमिल भाषा है और वो हमारी भाषा है। इस कदम से तमिल भाषा का प्रभाव बढ़ाने में मदद मिलेगी।
अब मेन इन इंडिया, मेक फॉर वर्ल्ड बनेगा। भारत में ज्यादा से ज्यादा निवेश का यह सही समय है। दोनों देश एक बेहतर मजबूत देश की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।
अमेरिकी सरकार ने भारत की पुरानी मूर्तियां और चीजें जो चोरी हुई थीं, उनमें 100 से ज्यादा लौटाने का फैसला लिया है। ये पुरातन वस्तुएं सालों पहले इंटरनेशनल बाजार में पहुंच गई थीं। मैं जहां भी जाता हूं तो वहां लोगों को लगता है ये सही व्यक्ति है। इसे चीजें सुपुर्द करो, सही जगह लेकर जाएगा।
PM मोदी के लिए उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने होस्ट किया स्टेट लंच
इससे पहले अमेरिका में शुक्रवार दोपहर मोदी के लिए स्टेट लंच में आयोजित किया गया। इसे वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस ने होस्ट किया। लंच में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, विदेश विभाग के तमाम अधिकारी और भारत से आंनद महिद्रा, मुकेश अंबानी, सुंदर पिचाई जैसे कई गेस्ट शामिल हुए।
स्टेट लंच के PM मोदी के लिए समोसा, खिचड़ी, मसाला चाय, मैंगो हलवा जैसी डिश परोसी गईं। इसे भारतीय मूल के शेफ ने तैयार किया है।