आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : टेस्ला के CEO एलन मस्क और मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग के बीच होने जा रही केज फाइट इटली के कॉलेसियम में हो सकती है। इटली के संस्कृति मंत्री जेनारो सांगिउलिआनो ने जुकरबर्ग से संपर्क किया और इटली के कॉलेसियम में फाइट होस्ट करने का प्रस्ताव दिया।

बाद में इस बात की पुष्टि मस्क ने भी की। उन्होंने ट्वीट किया- कॉलेसियम में फाइट होने के काफी चांस हैं। ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल कॉलेसियम दुनिया के सात अजूबों में शामिल है। यह 2000 साल पुराना है। इससे पहले यह फाइट अमेरिका के वेगास ऑक्टागन में होने वाली थी।

मस्क ने शुरू कर दी है ट्रेनिंग

मस्क ने इस फाइट के लिए ट्रेनिंग शुरू कर दी है। ट्रेनिंग की फोटोज दो दिन पहले सामने आईं थीं। इनमें वो पॉपुलर पॉडकास्टर और AI रिसर्चर लेक्स फ्रिडमैन के साथ लड़ रहे हैं। फ्रिडमैन ने ही तस्वीरें ट्विटर पर शेयर कीं थीं और लिखा- मस्क की पावर से प्रभावित हूं।

मस्क ने पिछले दिनों ट्विटर पर जुकरबर्ग को फाइट का चैलेंज दिया था। जुकरबर्ग ने इसे स्वीकार कर लिया था। फ्रिडमैन दोनों के साथ ट्रेनिंग कर चुके हैं और उन्होंने इसके फोटो और वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर ये शेयर किए हैं।

केज फाइट का चैलेंज कैसे शुरू हुआ और ये कहां होगी…

जुकरबर्ग की कंपनी मेटा ने ट्विटर जैसा प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की बात कही थी। इसके बाद डेली मेल ने एक रिपोर्ट पब्लिश की, जिसकी हेडलाइन थी- ट्विटर को खत्म करने का जुकरबर्ग का मास्टर प्लान सामने आया। इस रिपोर्ट को ट्विटर पर शेयर किया जाने लगा। ऐसी ही एक पोस्ट पर एलन मस्क ने जुकरबर्ग को चिढ़ाने वाली इमोजी पोस्ट की।

मारियो नाफवाल नाम के ट्विटर हैंडल से जुकरबर्ग के नए प्लेटफॉर्म से जुड़ी और डीटेल्स शेयर की गई। नाफवाल को एलन मस्क फॉलो भी करते हैं। इसमें कहा गया कि मेटा के नए ऐप का नाम ‘थ्रेड’ हो सकता है। इस पर एक ट्विटर यूजर ने लिखा- बेहतर होगा मस्क सावधान रहें… मैंने सुना है कि जुकरबर्ग अब जु-जित्सु कर रहे हैं।

यहीं से केज फाइट चैलेंज की शुरुआत हुई। मस्क ने पोस्ट पर जवाब दिया- मैं केज फाइट के लिए तैयार हूं। इसके बाद जुकरबर्ग ने मस्क से फाइट की लोकेशन पूछी और मस्क ने जवाब दिया था- वेगास ऑक्टागन। खैर अब वेन्यू कॉलेसियम हो सकता है।