आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मंडल रेल प्रबंधक के मार्गदर्शन में मंडल के बिजनेस डेवलपमेन्ट यूनिट (बीडीयू) के अधिकारियों द्वारा रेलवे के जरिये ज्यादा से ज्यादा माल लदान को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों से संपर्क साध कर उन्हें इस ओर आकर्षित करने के लिए निरन्तर प्रयास किया जा रहा है।
मंडल द्वारा किये जा रहे प्रयासों के परिणामस्वरूप मंडीदीप से विभिन्न गंतव्यों के लिए लगातार आयशर ट्रैक्टर का परिवहन किया जा रहा है | जिससे रेल राजस्व में भी बढोत्तरी हो रही है।
चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के प्रथम (अप्रैल) माह में मण्डल के मंडीदीप स्टेशन से 08 रेक से 198 एएमजी डिब्बों में कुल 1111 आयशर ट्रैक्टर का परिवहन किया गया। जिससे मंडल को रुपए 52,03,748/- का रेल राजस्व प्राप्त हुआ।
ज्ञात हो कि गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में (माह अप्रैल 2022 से मार्च 2023 तक) मण्डल के मंडीदीप स्टेशन से बेनापोल (बांग्लादेश), दानापुर, सोनिक (लखनऊ), रेडीपल्लम, कोरकूपेठ, बल्लभगढ़, इनलैंड कंटेनर डिपो, रायपुर, चेरलपल्ली, नवालूर, बनगांव के लिए कुल 98 रेक (2018 एएमजी डिब्बों) में कुल 14126 आयशर ट्रैक्टर का परिवहन किया गया। जिससे मण्डल के राजस्व में रुपये 6,13,06,520/- की रिकॉर्ड बढोत्तरी दर्ज हुई है। वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक रश्मि बघेल ने बताया कि मण्डल रेल प्रबन्धक के मार्गदर्शन में भोपाल मंडल का बिजनेस डेवलपमेन्ट ग्रुप आपसी समन्वय से कार्य करते हुए रेलवे के जरिये माल यातायात को बढ़ावा देने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। माल परिवहन से जुड़े व्यापारियों से संपर्क कर विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें रेलवे के जरिये अधिकाधिक माल का परिवहन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिसके परिणामस्वरूप मण्डल के मालभाड़ा राजस्व में बढोत्तरी हो रही है।