आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत के साथ-साथ चक्रवाती तूफान बिपरजॉय को लेकर पाकिस्तान के तटीय क्षेत्रों हाई अलर्ट पर हैं। सिंध प्रांत में तेज हवा के साथ तेज बारिश हो रही है। पाकिस्तान की पर्यावरण मंत्री शेरी रहमान के मुताबिक- बिपरजॉय की रफ्तार कम हुई है।

पाकिस्तान के डिजास्टर मैनेजमेंट ग्रुप के मुताबिक- हवाएं 140 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेंगी। समुद्र में काफी ऊंची लहरें उठ सकती हैं। चक्रवात से जुड़े सभी खतरों को देखते हुए सरकार ने हाई रिस्क इलाकों से 72 हजार लोगों को निकाला है। अस्पतालों को अलर्ट पर रहने को कहा गया है। स्कूल और सरकारी दफ्तरों को रिलीफ सेंटर बनाया गया है।

सिंध पर खतरा ज्यादा

पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट ‘डॉन’ के मुताबिक बिपरजॉय से सिंध प्रांत सबसे ज्यादा प्रभावित है। इसके 3 जिलों थट्टा, सुजावल, बादिन में 44 रिलीफ कैंप बनाए गए हैं। इन तीनों जिलों की 82% आबादी सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट कर दी गई है। सेना को अगले 72 घंटों के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है।

रहमान ने बताया है कि कई लोगों को उनके रिश्तेदारों के घर जाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को तब तक वापस नहीं लौटने को कहा गया है जब तक प्रशासन की ओर से हरी झंडी न मिले। शेरी रहमान ने लोगों से घरों पर लगे सोलर पैनल बचाने की अपील भी की है। पर्यावरण मंत्री शेरी रहमान ने एक और चक्रवात के खतरे की संभवना भी जताई है।

सिंध में 300 मिलीमीटर बारिश की आशंका

बिपरजॉय चक्रवात की वजह से पाकिस्तान के सिंध प्रांत में 300 मिलीमीटर बारिश होने की आशंका है। सबसे ज्यादा असर थाट्टा, सजवाल, उमरकोट, बादिन और थारपारकर में होगा। यहां 15 से 17 जून तक तेज बारिश होगी।

चक्रवात क्या होते हैं और ये बनते कैसे हैं?

साइक्लोन शब्द ग्रीक भाषा के साइक्लोस (Cyclos) से लिया गया है, जिसका अर्थ है सांप की कुंडलियां। इसे ऐसा इसलिए कहा जाता है क्योंकि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में ट्रॉपिकल साइक्लोन समुद्र में कुंडली मारे सांपों की तरह दिखाई देते हैं।

चक्रवात एक गोलाकार तूफान (सर्कुलर स्टॉर्म) होते हैं, जो गर्म समुद्र के ऊपर बनते हैं। जब ये चक्रवात जमीन पर पहुंचते हैं, तो अपने साथ भारी बारिश और तेज हवाएं लेकर आते हैं। ये हवाएं उनके रास्ते में आने वाले पेड़ों, गाड़ियों और कई बार तो घरों को भी तबाह कर सकती हैं।