आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर एक और क्रिमिनल केस दर्ज किया गया है। 2021 में राष्ट्रपति चुनाव हारने के बाद क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट्स घर ले जाने के मामले में उन पर केस दर्ज किया गया। उन पर 7 आरोप तय हुए हैं। ट्रम्प को 13 जून को दोपहर 3 बजे मियामी के फेडरल कोर्ट हाउस में पेश होने के लिए कहा गया है।
इससे पहले अप्रैल में उन पर पोर्न स्टार को पैसे देकर चुप कराने के मामले में क्रिमिनल केस दर्ज हुआ था। इस केस में 4 अप्रैल को कोर्ट ने उन पर 34 आरोप तय किए थे। ट्रम्प पहले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए हैं, जिन पर फेडरल चार्ज लगाए गए हैं। हालांकि, फेडरल कोर्ट ने अभी ये नहीं बताया है कि ट्रम्प पर कौन से आरोप तय किए गए हैं। ट्रम्प ने क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट्स के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
ट्रम्प के वकील बोले- उन पर लगे जासूसी के आरोप
ट्रम्प के वकील जिम ट्रस्टी ने CNN को बताया कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति पर जासूसी ऐक्ट के तहत आरोप दर्ज हुए हैं। इसके अलावा उन पर साजिश रचने, झूठे बयान देने, न्याय में बाधा डालने, रिकॉर्ड्स के साथ छेड़छाड़ करने और झूठे दस्तावेज बनाने के आरोप भी लगे हैं।
इससे पहले बुधवार को ट्रम्प के वकीलों को जानकारी दी गई थी कि वो सीक्रेट फाइल्स घर ले जाने के मामले में जांच का टारगेट हैं। कुछ दिन पहले ट्रम्प के वकीलों ने केस पर चर्चा के लिए जस्टिस डिपार्टमेंट के अधिकारियों से मुलाकात भी की थी।
ट्रम्प बोले- मैं बेकसूर हूं
ट्रम्प ने गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा- मैं बेकसूर हूं। मुझे जस्टिस डिपार्टमेंट से क्रिमिनल केस दर्ज होने की सूचना मिली। मंगलवार (13 जून) को मुझे कोर्ट में पेश होना को कहा गया है। बाइडेन की भ्रष्ट सरकार ने मेरे वकीलों को इसकी जानकारी दी है।
क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट्स से जुड़े मामले को समझिए…
ट्रम्प जनवरी 2021 में राष्ट्रपति का चुनाव हार गए थे। आरोप लगे कि वे व्हाइट हाउस से कई क्लासिफाइड डॉक्यूमेंट्स फ्लोरिडा स्थित आलीशान घर मार-ए-लेगो ले गए थे। उन्होंने इन डॉक्यूमेंट्स को नेशनल आर्काइव्स को सौंपने से भी इनकार कर दिया था। इसके बाद मामला FBI के पास पहुंचा। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, FBI को छानबीन में ट्रम्प के घर और उनके प्राइवेट क्लब से 300 से ज्यादा खुफिया दस्तावेज बरामद हुए थे।
कुछ दिन पहले CNN ने एक ऐसी ऑडियो रिकॉर्डिंग मिलने का दावा किया था, जिसमें ट्रम्प ये खुद कबूल करते हैं कि चुनाव हारने के बाद वो सीक्रेट फाइल्स अपने घर ले गए थे। ऑडियो में ट्रम्प कह रहे हैं कि उन्होंने ईरान पर हमले की जानकारी वाली रक्षा विभाग की फाइल अपने पास रखी थी।