आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने शुक्रवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की और सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की। शी जिनपिंग ने गेट्स को अपना ‘पुराना दोस्त’ बताते हुए कहा कि वह कोविड-19 महामारी के कारण तीन साल बाद उनसे मिलकर खुश हैं। जिनपिंग ने कहा कि अमेरिका और चीन सहयोग बढ़ाकर दोनों देशों को फायदा पहुंचा सकते हैं।

राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बिल गेट्स से मुलाकात के दौरान कहा कि आप इस साल बीजिंग में मिले पहले अमेरिकी मित्र हैं। जिनपिंग ने कहा कि हमने हमेशा अमेरिकी लोगों को सम्मान दिया है। हमेशा दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती जारी रहेगी, ऐसी उम्मीद है। इस सप्ताह के अंत में अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन भी चीन का दौरा करेंगे।

इससे पहले 2015 में मिले थे जिनपिंग और गेट्स

बिल गेट्स ने खुद अपने ट्विटर हैंडल के जरिए अपनी चीन यात्रा की जानकारी दी है। गेट्स ने ट्वीट करते हुए कहा है कि वे आखिरी बार चीन साल 2019 में गए थे, इसके बाद साल 2023 यानी 4 साल बाद चीन पहुंचे है। शी जिनपिंग और गेट्स आखिरी बार 2015 में मिले थे।

गेट्स दुनिया के पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति

बिल गेट्स दुनिया के पांचवें सबसे अमीर आदमी हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक गेट्स 10.89 लाख करोड़ (133 बिलियन डॉलर) की संपत्ति के मालिक हैं। उनकी अधिकांश संपत्ति माइक्रोसॉफ्ट के शेयरों से जुड़ी है। टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर आदमी हैं। उनके पास 19 लाख करोड़ (233 बिलियन डॉलर) की संपत्ति है।

मस्क ने हाल ही में किया था चीन दौरा

इससे पहले अभी हाल ही में एलन मस्क ने भी चीन की यात्रा की थी। मस्क ने भी करीब तीन साल बाद चीन यात्रा की। एलन मस्क ने चीन यात्रा के दौरान बैटरी बनाने में दुनिया की नंबर 1 कंपनी CATL के प्रेसिडेंट जेंग युकुन के साथ लंच किया। इसके अलावा उन्होंने चीनी विदेश मंत्री क्विन गेंग से भी मुलाकात की।