आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एम्स भोपाल में आयुष विभाग ने 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 समारोह की शुरुआत कैंसर रोगियों के लिए विशेष योग सत्र के साथ की जो ऑन्कोलॉजी ओपीडी प्रतीक्षालय में संचालित किया गया । सत्र का उद्देश्य कैंसर रोगियों के बीच शारीरिक और मानसिक कल्याण को बढ़ावा देने में योग के चिकित्सीय लाभों को उजागर करना था ।
कार्यक्रम की शुरुआत एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह की उपस्थिति से हुई | जिन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया । अपने संबोधन में अजय सिंह ने पारंपरिक उपचारों के साथ-साथ रिकवरी प्रक्रिया को तेज करने में योग चिकित्सा की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया । उन्होंने न केवल कैंसर रोगियों बल्कि उनके परिवार के सदस्यों से भी योग के अभ्यास को अपनाने का आग्रह किया । उन्होंने कैंसर रोगियों के लिए नियमित योग सत्रों को प्रोत्साहित किया और इसके सकारात्मक प्रभाव के बारे में जागरूकता फैलाने के महत्व पर बल दिया ।
कैंसर विशेषज्ञ मनीष गुप्ता ने मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व पर जोर दिया । उन्होंने सभी व्यक्तियों को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि वे अपने परिवार और दोस्तों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें ।
योग सत्र में लगभग 35 कैंसर रोगियों तथा उनकी देखभाल करने वालों ने भाग लिया । सत्र का संचालन चिकित्सा अधिकारी योग मुद्दा सोफिया व योग प्रशिक्षक श्वेता मिश्रा ने किया । उन्होंने विभिन्न अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया, जिसमें श्वास अभ्यास, प्राणायाम तकनीक, विश्राम अभ्यास और ध्यान शामिल हैं ।
सत्र के बाद प्रतिभागियों को रागी इडली वाला एक विशेष नाश्ता परोसा गया । इस पहल का उद्देश्य अपने दैनिक आहार में मोटे अनाज को शामिल कर एक स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना है ।
एम्स भोपाल में 9वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 समारोह का यह आयोजन कैंसर रोगियों के कल्याण को बढ़ाने में योग की विशेष भूमिका के रूप में कार्य करता है । एम्स का आयुष विभाग जागरूकता पैदा करने और रोगियों और उनके परिवारों के जीवन में योग के एकीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए नियमित रूप से ऐसे आयोजन के लिए प्रतिबद्ध है ।