आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के अंतर्गत आईसेक्ट द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में एनएसक्यूएफ प्रोजेक्ट संचालित किया जा रहा है। एनएसक्यूएफ की इसी पहल के तहत भोपाल के आनंद नगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रों को भी विभिन्न ट्रेड में व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के अंत में छात्रों का प्लेसमेंट मारुति सुजुकी के गुड़गांव प्लांट में हुआ है। इसे लेकर एक समारोह का आयोजन हुआ जिसमें सभी छात्रों को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य सुनील कुमार उपाध्याय, आईसेक्ट के स्टेट प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर भारत घारे एवं वोकेशनल ट्रेनर डॉली समाधिया उपस्थिति रहीं। सभी ने छात्रों को शुभकामनाएं दीं एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
प्रोजेक्ट के सफल संचालन और छात्रों के प्लेसमेंट पर बात करते हुए आईसेक्ट के निदेशक सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि आईसेक्ट कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रहा है। कौशल प्रशिक्षण के महत्व को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने वक्तव्यों में रेखांकित किया है। यह भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अहम योगदान दे रहा है।