आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अमेरिका में एक सांसद ने दिवाली को सरकारी छुट्टी घोषित करने की मांग की है। इसके लिए अमेरिका की संसद के निचले सदन में एक बिल भी पेश किया गया है। सांसद ग्रेस मेंग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- दिवाली दुनियाभर के करोड़ों लोगों के साथ-साथ क्वींस, न्यूयॉर्क और अमेरिका में लाखों परिवारों के लिए साल के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक है।

मेंग ने कहा- अमेरिका में कई समुदाय और संस्कृति के लोग रहते हैं। यही लोग हमारे देश की ताकत हैं। दिवाली पर छुट्टी घोषित करना इस बात का सबूत होगा कि अमेरिका में सभी समुदाय के लोगों को एक बराबर माना जाता है। साथ ही इससे अमेरिकियों को इस त्योहार के बारे में जानने का मौका मिलेगा। मुझे उम्मीद है कि जल्द ही ये बिल पारित होगा।

न्यूयॉर्क में भी ‘दिवाली डे ऐक्ट’ बिल का स्वागत

इस बिल को दिवाली डे ऐक्ट नाम दिया गया है। कांग्रेस से पास होने के बाद ये बिल राष्ट्रपति के पास साइन होने जाएगा। अगर ऐसा हो जाता है तो दिवाली को अमेरिका में 12वीं सरकारी छुट्टी घोषित किया जाएगा। इस बिल का स्वागत करते हुए न्यूयॉर्क विधानसभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा- इस साल, हमने देखा कि हमारा पूरा राज्य दीवाली और दक्षिण एशियाई समुदाय को मान्यता देने के समर्थन में है। मेंग दिवाली को सरकारी छुट्टी बनाने की मुहिम को राष्ट्रीय स्तर पर लेकर जा रही हैं।

इससे पहले न्यूयॉर्क की विधानसभा में भी दिवाली पर छुट्टी घोषित करने के लिए बिल पेश किया जा चुका है। न्यूयॉर्क असेंबली के स्पीकर कार्ल हेस्टी ने बुधवार को एक बयान में कहा था- न्यूयॉर्क की विविध संस्कृति को मान्यता देना जरूरी है। इस विधेयक पर सत्र के आखिरी दिन 8 जून को फैसला किया जा सकता है। हम स्टेकहोल्डर्स के बात करके स्कूल के कैलेंडर में बदलाव करने पर चर्चा करेंगे।

व्हाइट हाउस में 2009 से दिवाली मनाई जा रही है इसकी शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने की थी।

पेन्सिल्वेनिया में पास हुआ बिल

हाल ही में पेन्सिल्वेनिया राज्य की सीनेट में भी दिवाली पर ऑफिशियल छुट्टी घोषित करने से जुड़ा बिल पास हो चुका है। विधायक निखिल सवल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर इसकी घोषणा की थी। उन्होंने कहा था- दिवाली पर छुट्टी घोषित करने के लिए पेश किया बिल सीनेट में सर्वसम्मति से पास हो गया। पेन्सिल्वेनिया में जो भी लोग ये त्योहार मनाते हैं उनके लिए ये खुशी का दिन है। अब पूरा राज्य समुदाय के साथ मिलकर रौशनी का ये अद्भुत त्योहार मनाएगा।