आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज सोमवार (14 अगस्त) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स में 400 अंक से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है और ये 64,880 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी 100 अंकों से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है, ये 19,310 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट और 2 में तेजी देखने को मिल रही है।

इससे पहले सेंसेक्स 169 अंक फिसलकर 65,153 के स्तर पर खुला था। वहीं, निफ्टी में भी 45 अंकों की गिरावट देखने को मिली, ये 19,383 के स्तर पर ओपन हुआ था। सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसा कमजोर होकर 83.07 रुपए प्रति डॉलर पर ओपन हुआ।

आज बंद हो रहा TVS सप्लाई चेन का IPO

इंटीग्रेटेड सप्लाई चेन सॉल्यूशन देने वाली कंपनी ‘TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस’ का IPO पैसा लगाने को आखिरी मौका है। इस IPO के जरिए कंपनी 600 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। 23 अगस्त को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।

पतंजली फूड्स का मुनाफा 63% गिरा

पतंजली फूड्स ने Q1FY24 यानी पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के रिजल्ट्स अनाउंस कर दिए हैं। पहली तिमाही में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 63% गिरा है। ये 241.6 करोड़ रुपए से घटकर 87.6 करोड़ रुपए पर आ गया है। जबकि, कंपनी की आय 7,211 करोड़ रुपए से बढ़कर 7,767.1 करोड़ रुपए रही। फिलहाल पतंजली फूड्स का शेयर 2% से ज्यादा गिरावट के साथ 1,258 रुपए के आसपास कारोबार कर रहा है।

आज जारी होंगे महंगाई के आंकड़े

आज जुलाई के CPI इन्फ्लेशन यानी रिटेल महंगाई की महंगाई दर जारी होगी। सब्जियों की ऊंची कीमतों के कारण रिटेल महंगाई के RBI द्वारा निर्धारित 6% की सीमा को पार करने की उम्मीद है, जो जून में 4.81% रही थी। RBI ने 10 अगस्त को पहले ही चालू वित्त वर्ष की इन्फ्लेशन का अनुमान 5.1% से बढ़ाकर 5.4% कर दिया है और FY24 की Q2 और Q3 तिमाहियों के लिए आंकड़ों को भी रिवाइज किया है।

शुक्रवार को शेयर बाजार में रही थी गिरावट

इससे पहले शुक्रवार यानी 11 अगस्त को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 365 अंक फिसलकर 65,322 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 114 अंकों की गिरावट देखने को मिली, ये 19,428 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट और 7 में तेजी देखने को मिली थी।