आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में गुरुवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, ‘हमने बैंकिंग सेक्टर को बेहतर करने के लिए कई कदम उठाए हैं। बैंक अब राजनीतिक हस्तक्षेप के बिना और ईमानदारी के साथ काम कर रहे हैं। बैंकों में फैलाया UPA का रायता हम साफ कर रहे हैं।’

वहीं उन्होंने कहा कि 2013 में मॉर्गन स्टेनली ने भारत को दुनिया की पांच नाजुक अर्थव्यवस्थाओं की सूची में शामिल किया था। आज उसी मॉर्गन स्टेनली ने भारत को अपग्रेड किया और हाई रेटिंग दी है। 9 सालों में हमारी सरकार की नीतियों के कारण अर्थव्यवस्था ऊपर उठी और आर्थिक विकास हुआ। आज, हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था हैं।

यहां हम वित्त मंत्री के भाषण की बड़ी बातें बता रहे हैं:

  1. देश के सभी पब्लिक सेक्टर के बैंक अच्छा परफॉर्मेंस कर रहे

वित्त मंत्री ने कहा- UPA के समय बैंकों की हालत बेहद खराब थी, फंसे हुए कर्ज को लेकर कोई कदम नहीं उठाए जा रहे थे। लेकिन बीते 9 साल में बैंकों की सेहत में सुधार हुआ है और बदले हुए हालात सबके सामने हैं। आज देश के सभी पब्लिक सेक्टर के बैंक अच्छा परफॉर्मेंस कर रहे हैं और मुनाफे में हैं। पब्लिक सेक्टर बैंक रिकॉर्ड 1 लाख करोड़ से ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं। देश का सबसे बड़ा बैंक SBI सबसे प्रॉफिटेबेल बैंक बना है। इसका नेट प्रॉफिट अप्रैल-जून तिमाही में 18,537 करोड़ रुपए रहा है।

  1. बनेगा, मिलेगा’ जैसे शब्द अब प्रचलन में नहीं

वित्त मंत्री ने कहा- बनेगा, मिलेगा’ जैसे शब्द अब प्रचलन में नहीं हैं। आजकल लोग बन गए, मिल गए का उपयोग करते हैं। बिजली आएगी… अब बिजली आ गई, गैस कनेक्शन मिलेगा.. अब गैस कनेक्शन मिल गया, एयरपोर्ट बनेगा… अब एयरपोर्ट बन गया। उन्होंने कहा- परिवर्तन वास्तविक डिलीवरी के माध्यम से आता है, न कि बोले गए शब्दों के माध्यम से।

भारतीय बाजार में होने वाली है लंबी तेजी की शुरुआत

हाल ही में मॉर्गन स्टेनली ने भारत के बाजार पर अपने आउटलुक को बढ़ाकर ओवरवेट किया था, जबकि चीन पर आउटलुक डाउनग्रेड कर इक्वलवेट कर दिया था। स्टेनली का मानना ​​है कि भारत में लंबी तेजी की शुरुआत होने वाली है, जबकि चीन की तेजी खत्म होने के करीब है।

मॉर्गन स्टेनली ने कहा भारत का भविष्य काफी हद तक चीन के अतीत जैसा दिखता है। ऐसा लगता है कि दशक के अंत में चीन का GDP ग्रोथ रेट भारत के 6.5% की तुलना में लगभग 3.9% रहेगा। नोट में यह भी कहा गया है कि डेमोग्राफिक ट्रेंड भी भारत के फेवर में दिख रहा है, जबकि चीन में पिछले दशक की शुरुआत से कामकाजी उम्र की आबादी में गिरावट देखी गई है।

इससे 4 महीने पहले 31 मार्च को ब्रोकरेज फर्म ने भारत को अंडरवेट से इक्वलवेट में अपग्रेड किया था। मॉर्गन स्टेनली एक ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विस फर्म है, जिसका हेडक्वार्टर अमेरिका के न्यूयॉर्क में है। ये 40 से ज्यादा देशों में काम करती है, जिसके 80,000 से ज्यादा कर्मचारी है।