आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में हफ्ते के पहले कारोबारी दिन यानी आज सोमवार (24 जुलाई) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 55 अंक नीचे 66,629 के स्तर पर खुला है। वहीं निफ्टी में 3 अंक की तेजी रही। ये 19,748 के स्तर पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 11 में तेजी देखने को मिल रही है।
डॉलर के मुकाबले रुपया 4 पैसे कमजोर होकर 82 पर खुला है। शुक्रवार को रुपया 81.96 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
नेटवेब टेक IPO के शेयरों का अलॉटमेंट
नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO में आज शेयरों का अलॉटमेंट होगा। इन्वेस्टर्स को कंपनी के शेयर्स 26 जुलाई को डीमैट अकाउंट में क्रेडिट किए जाएंगे। इसके शेयर्स बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों पर 27 जुलाई को लिस्ट होंगे।
आज टाटा स्टील और TVS मोटर्स के नतीजे
आज टाटा स्टील और TVS मोटर्स का अप्रैल-जून तिमाही का रिजल्ट जारी करेंगे। इसके अलावा इस हफ्ते कई बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजे आएंगे, जो बाजार की दिशा तय करेंगे। आने वाले सप्ताह में लगभग 380 कंपनियां अपने तिमाही आंकड़े जारी करेंगी, जिनमें लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज, बजाज ऑटो, HDFC एसेट मैनेजमेंट कंपनी, सिप्ला, श्री सीमेंट, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, टेक महिंद्रा, ACC, बजाज फिनसर्व, नेस्ले इंडिया और NTPC जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
शुक्रवार को मार्केट में रही थी गिरावट
इससे पहले सेंसेक्स 887 अंक नीचे 66,684 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 234 अंक गिरा। ये 19,745 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी IT इंडेक्स सबसे ज्यादा 4.09% टूटा था।