आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी ‘टेस्ला​​​​​’ की जल्द भारत में एंट्री हो सकती है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टेस्ला के अधिकारियों ने बुधवार (17 मई) को भारत सरकार के अधिकारियों के साथ मीटिंग की। इस मीटिंग में कंपनी ने भारत में इलेक्ट्रिक कार बनाने के लिए एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की इच्छा जताई है।

हालांकि, इसके बारे में अभी तक सरकार, टेस्ला या एलन मस्क की ओर से ऑफिशियल तौर पर कोई भी जानकारी नहीं दी गई है। इससे पहले पिछले साल भी टेस्ला ने भारत आने की इच्छा जताई थी, लेकिन तब कंपनी और सरकार के बीच बात नहीं बन पाई थी।

भारत सरकार के साथ टेस्ला की फिर से मीटिंग ऐसे समय में शुरू हुई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून में अमेरिका की यात्रा पर जाने वाले हैं।

टेस्ला और सरकार के बीच क्यों नहीं बनी थी बात?

टेस्ला ने सरकार से पूरी तरह से असेंबल गाड़ियों पर लगने वाली इंपोर्ट ड्यूटी को 100% से घटाकर 40% करने की मांग की थी। कंपनी चाहती थी कि उसकी गाड़ियों को लग्जरी नहीं बल्कि इलेक्ट्रिक व्हीकल माना जाए, लेकिन सरकार ने कहा था कि दूसरे देशों से इंपोर्ट किए जाने वाले किसी भी इलेक्ट्रिक व्हीकल्स पर इंपोर्ट ड्यूटी माफ या कम करने का कोई भी इरादा नहीं है।

सरकार ने कहा था कि अगर टेस्ला भारत में मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का कमिटमेंट करती है तो इंपोर्ट पर रियायत देने पर विचार किया जाएगा। लेकिन एलन मस्क चाहते थे कि पहले भारत में कारों की बिक्री की जाए, इसके बाद मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने का विचार किया जाएगा।

27 मई 2022 को भी एक ट्वीट में रिप्लाई करते हुए एलन मस्क ने कहा था, ‘टेस्ला ऐसे किसी लोकेशन पर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट नहीं लगाएगी जहां उसे पहले से कारों को बेचने और सर्विस की परमीशन नहीं है।’ एलन मस्क का यह जवाब तब आया था जब ट्विटर यूजर मधु सुधन वी ने पूछा था- क्या टेस्ला फ्यूचर में भारत में एक प्लांट बना रही है?’

तीन पॉइंट जो मस्क का इंडिया की तरफ झुकाव के संकेत देते हैं:

बीते दिनों मस्क ने कहा था कि उन्हें भारतीय खाना पसंद है, खासकर नान के साथ बटर चिकन।

पिछले महीने कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि मस्क ने ट्विटर पर पीएम मोदी को फॉलो किया है।

भारत के सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बनने पर मस्क ने कहा था- डेमोग्राफिक्स इज डेस्टिनी।