आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: आज यानी 31 मार्च को रिलायंस भारत का पहला मल्टी-आर्ट सेंटर शुरू करने जा रहा है। इससे एक दिन पहले रामनवमी पर भारत के सबसे अमीर कारोबारी मुकेश अंबानी की पत्नी नीता अंबानी ने विशेष पूजा की। मल्टी-आर्ट सेंटर का नाम नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर है। इसे मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में जियो वर्ल्ड सेंटर के अंदर तैयार किया गया है।
कल्चरल सेंटर में पूजा के बाद नीता अंबानी ने कहा- इस कल्चरल सेंटर के सपने को साकार रूप देना मेरे लिए एक पवित्र यात्रा की तरह रहा है। हम एक ऐसी जगह बनाना चाहते हैं जहां हमारी सांस्कृतिक विरासत फले-फूले। फिर चाहे वह सिनेमा हो या संगीत, नृत्य हो या नाटक, साहित्य हो या लोक कथाएं, कला हो या शिल्प, विज्ञान हो या आध्यात्म।
ट्रेंड भरतनाट्यम डांसर हैं नीता अंबानी
नीता अंबानी को भारतीय आर्ट और डांस से बेहद लगाव है। वे एक ट्रेंड भरतनाट्यम डांसर हैं और छह साल की उम्र से ही इससे जुड़ी हुई हैं। अपने इसी लगाव के चलते उन्होंने इस कल्चरल सेंटर की नींव रखी। कल्चरल सेंटर को बनाने का मकसद भारतीय कलाओं को संरक्षित करना और बढ़ावा देना है। इससे पहले एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में, नीता अंबानी की बेटी ईशा अंबानी ने कल्चरल सेंटर के बारे में बताया था।
उन्होंने कहा था, मल्टी-आर्ट सेंटर उनकी मां, नीता अंबानी को समर्पित है और दुनिया को भारतीय प्रतिभा दिखाने के लिए उनकी मां के विजन पर बेस्ड है। कल्चरल सेंटर में 3 थिएटर है। ग्रैंड थिएटर में 2,000 सीट है। छोटी प्रदर्शिनियों और कार्यक्रमों के लिए 250 सीटर स्टूडियो थिएटर और 125 सीट वाला द क्यूब बनाया गया है। इसमें आर्ट हाउस भी है, जो ग्लोबल म्यूजियम स्टैंडर्ड के अनुसार बनाया एक चार मंजिला विजुअल आर्ट स्पेस है।