आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: उज्जैन जिले की महिदपुर तहसील के किशनखेड़ी में रहने वाले सोनू व मां मधु का पुत्र अजीत उम्र डेढ़ माह की तबीयत खराब हो गई थी। उसे बुखार के साथ सर्दी-खांसी हो रही थी। बच्चे का चिकित्सकों से इलाज करवाने की बजाए उसे गर्म सरिए से दाग दिया गया। उसके शरीर पर क्रॉस का निशान बन गया है। इससे उसकी तबीयत और बिगड़ गई तो परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।

पीआईसीयू के चिकित्सकों का कहना है कि बच्चे के शरीर पर निशान को देखकर लग रहा है कि उसे गर्म सरिए से दागा गया है। सर्दी-खांसी के साथ में बुखार भी आ रहा है। वह मां का दूध भी नहीं पी पा रहा है। उसे इंफेक्शन का खतरा भी बना हुआ है। अस्पताल प्रबंधन ने कोतवाली थाना पुलिस को इसकी सूचना दे दी है। माता-पिता ने अस्पताल स्टाफ को बताया कि दूसरे बच्चे ने हमारे बच्चे को जला दिया है। इसमें अब पुलिस जांच कर वास्तविकता पता लगाएगी।

निमोनिया होने पर इसे लोहे के गर्म सरिए से दाग दिया गया। इससे इसकी तबीयत और बिगड़ गई। इसके बाद परिवार के लोग बुधवार को चरक अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने पाया कि बच्चे की हालत गंभीर है। उसे गहन चिकित्सा देना शुरू कर दी है और जिला अस्पताल प्रशासन की ओर से कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई है।