आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : एअर इंडिया ने अपना नया लोगो और लिवरी अनवील किया है। लिवरी को आप एयरक्राफ्ट का पूरा मेकओवर समझ सकते हैं। मेकओवर में सुनहरे, लाल और बैंगनी रंगों का इस्तेमाल किया गया है। टाटा ग्रुप की 91 साल पुरानी एयरलाइन 15 महीने से इस पर काम कर रही थी। यह कोणार्क चक्र से प्रेरित पुराने लोगो की जगह लेगा।

लंदन बेस्ड ब्रांड और डिजाइन कंसल्टेंसी फर्म फ्यूचर ब्रांड के साथ पार्टनरशिप में लोगो डिजाइन किया गया है। दिसंबर 2023 में एअर इंडिया का पहला एयरबस A350 नए लोगो और मेकओवर के साथ बेड़े में शामिल होगा। फ्यूचर ब्रांड ने अमेरिकन एयरलाइंस और ब्रिटिश लक्जरी ऑटोमोबाइल ब्रांड बेंटले के साथ ब्रांडिंग पर काम किया है।

एअर इंडिया के मेकओवर से जुड़ी 5 बड़ी बातें:

  1. नए लोगो में गोल्ड विंडो फ्रेम को शामिल किया गया

नए लोगों में एअर इंडिया के गहरे लाल अक्षरों को बरकरार रखा गया है, लेकिन फॉन्ट अलग है। इसमें गोल्ड विंडो फ्रेम को शामिल किया गया है। एयरलाइन ने कहा, ‘यह लोगो असीमित संभावनाओं और भविष्य के लिए एयरलाइन का बोल्ड, कॉन्फिडेंट आउटलुक दर्शाता है।’

  1. महाराजा इस ब्रांड का हिस्सा बने रहेंगे

एअर इंडिया की पहचान उसका महाराजा मस्कट रहा है। 1946 में इसे डिजाइन किया गया था। एअर इंडिया के तब के कॉमर्शियल डायरेक्टर बॉबी कूका और विज्ञापन एजेंसी जे.वाल्टर थॉम्पसन के आर्टिस्ट उमेश राव ने मिलकर ब्रांड आइकन बनाया था। बाद में इसमें बदलाव भी किए गए।

एअर इंडिया के CEO और MD कैंपबेल विल्सन ने कहा- महाराजा अब मुख्य रूप से एयर इंडिया की घरेलू उड़ानों पर दिखाई देंगे। इंटरनेशनल कस्टमर बेस से महाराजा मस्कट उतना रिलेट नहीं करता इसलिए ऐसा किया जा रहा है। प्रीमियम क्लास के लिए महाराजा का इस्तेमाल होगा।

  1. नया लोगो असीमित संभावनाओं का प्रतीक

टाटा संस के चेयरमैन एन.चंद्रशेखरन ने कहा कि नया लोगो असीमित संभावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन को वर्ल्ड लेवल पर कॉम्पिटिटिव बनाने के लिए बहुत सारे प्रयासों की आवश्यकता है। कंपनी अब सभी ह्यूमन रिसोर्सेज को अपग्रेड करने पर फोकस कर रही है।

मौजूदा बेड़े को लेकर चंद्रशेखरन ने कहा कि एअर इंडिया ने विमानों का बड़ा ऑर्डर दिया है, लेकिन नए विमान आने में कुछ समय लगेगा। उन्होंने कहा, “इस बीच, हमें अपने मौजूदा बेड़े को नवीनीकृत करना होगा और उसे स्वीकार्य स्तर पर लाना होगा।’

  1. अमीरात जैसी एयरलाइन को टक्कर देने का प्लान

एअर इंडिया अपने नए मेकओवर के साथ अमीरात और कतर एयरवेज जैसे कैरियर्स को टक्कर देना चाहता है। जनवरी 2022 में, टाटा ग्रुप ने एयरलाइन भारत सरकार से 18,000 करोड़ रुपए में खरीदी थी। सितंबर 2022 में एअर इंडिया ने वर्ल्ड क्लास ग्लोबल एयरलाइन बनने की दिशा में अपने मल्टी स्टेज ट्रांसफॉर्मेशन रोडमैप Vihaan.AI को अनवील किया था।

  1. विमानों के नवीनीकरण पर 3300 करोड़ रुपए खर्च

एअर इंडिया के सीईओ ने बताया कि एयरलाइन ने अब तक विमानों के नवीनीकरण पर 400 मिलियन डॉलर, यानी करीब 3300 करोड़ रुपए खर्च किए हैं। आने वाले दिनों में एअर इंडिया कई अन्य बदलावों से गुजरेगी।