आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: देवास रोड की डिवाइन सिटी में रहने वाले दसवीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगा ली। सुबह वह स्कूल भी नहीं गया था और घर में अकेला था। शाम को मां ड्यूटी से लौटी तो देखा कि बेटा दुपट्टे से फंदे पर लटका हुआ था। मां की चीख सुन आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हुए व पुलिस को सूचना दी। मौके से पुलिस ने छात्र का मोबाइल जब्त किया है, जिसमें सोशल अकाउंट, चे​टिंग समेत जिनसे भी बातचीत हुई होगी, जांच की जा रही है।

16 वर्षीय प्रियांशु पिता राजेंद्र यादव ​नागझिरी थाना क्षेत्र की डिवाइन सिटी कॉलोनी में मां के साथ रहता था और पुलिस ऑफिसर मैस के समीप ​स्थित निजी स्कूल का छात्र था। प्रियांशु ने मां के दुपट्टे से फंदा लगाया। सूचना मिलने पर नागझिरी पुलिस के साथ एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची व शव को अस्पताल भिजवाया।

छात्र की आत्महत्या के मामले में नागझिरी पुलिस जांच कर रही है। थाना प्रभारी केएस गेहलोत ने बताया कि आत्महत्या के मामले में फिलहाल स्पष्ट कारण नहीं पता चल पाया है। छात्र मां प्रीति यादव के साथ रहता था, जो एमआर है व घटना के समय काम पर गई ​थी। महिला का पति से तीन साल पूर्व तलाक हो चुका है। पति सांवेर की एक होटल में मैनेजर है।

पड़ोसी व दोस्तों के बयान लिए, पढ़ाई या घरेलू तनाव की आशंका

टीआई गेहलोत ने बताया कि बेटे की मौत की सूचना पर पिता भी आ गया था लेकिन कोई कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। मां का कहना था कि रोज की तरह ही बेटे से बातचीत हुई थी और वह स्कूल नहीं गया तो मैं ड्यूटी पर जाने का कहकर चली गई थी। पड़ोसियों के भी बयान लिए हैं, उन्होंने यही कहा कि प्रियांशु अक्सर कॉलोनी में बच्चों के सा​थ ही क्रिकेट खेलता था।

तनाव व कोई परेशानी के बारे में पता नहीं चला। दोस्त भी कुछ नहीं बता पा रहे हैं। टीआई के अनुसार छात्र का मोबाइल जब्त कर लिया है, ताकि मैसेज, चेटिंग व सोशल अकाउंट चैक करने पर कोई ठोस कारण पता चल सके।