आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (JFS) के शेयर में गुरुवार (24 अगस्त) को लगातार चौथे दिन भी लोअर सर्किट देखने को मिला। कंपनी का शेयर आज 5% की गिरावट के साथ 213.45 रुपए पर आ गया है। JFS की लिस्टिंग 21 अगस्त को हुई थी, तब से ही कंपनी के शेयर में 5% का लोअर सर्किट लगा हुआ है। बीते चार दिन में कंपनी का शेयर अब तक करीब 20% तक गिर चुका है। इस वजह से जियो फाइनेंशियल का मार्केट कैप करीब 30 हजार करोड़ रुपए कम हो गया है।
BSE के नोट के मुताबिक, JFS का शेयर अब अगले तीन दिन तक S&P BSE इंडेक्स से बाहर नहीं होगा, क्योंकि इसमें लगातार चौथे दिन 5% का लोअर सर्किट लगा हुआ है। इससे पहले BSE ने बताया था कि JFS का शेयर लिस्टिंग के शुरुआती दो दिनों तक लोअर सर्किट पर रहता है तो ये शेयर सभी S&P BSE इंडेक्स से 29 अगस्त को बाहर हो जाएगा। वहीं कंपनी के शेयर में अगर दो और दिन लोअर सर्किट लगा रहा, तो इंडेक्स से बाहर होने की तारीख अगले तीन दिनों के लिए टाल दी जाएगी।
चार दिन में कंपनी का मार्केट कैप ₹30,000 करोड़ कम हुआ
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर में लगातार गिरावट की वजह से इसका मार्केट कैप भी लगातार गिर रहा है। आज कंपनी के मार्केट कैप में 7,115.68 करोड़ रुपए की गिरावट आई है। वहीं बीते 3 दिन में कंपनी का मार्केट कैप 23,000 करोड़ रुपए से ज्यादा गिरा था। इस हिसाब से चार दिन में कंपनी के मार्केट कैप में टोटल 30,000 करोड़ रुपए से ज्यादा की गिरावट आई है। अब कंपनी का मार्केट कैप घटकर 1.36 लाख करोड़ रुपए पर आ गया है।
BSE पर ₹265 और NSE पर ₹262 पर लिस्ट हुआ था JFS का शेयर
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का शेयर 3 दिन पहले यानी सोमवार (21 अगस्त) को BSE 265 रुपए और NSE पर 262 रुपए पर लिस्ट हुआ था। लिस्टिंग के बाद पहले दिन ही कंपनी का शेयर 5% के लोअर सर्किट के साथ 251.75 रुपए पर बंद हुआ था। वहीं, NSE पर भी इसका शेयर 5% के लोअर सर्किट के साथ 248.90 रुपए बंद हुआ था।
इसके बाद दूसरे दिन मंगलवार (22 अगस्त) को भी कंपनी का शेयर 5% की गिरावट के साथ 239.20 रुपए के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, NSE पर यह 5% के लोअर सर्किट के साथ 236.45 रुपए पर बंद हुआ था। फिर तीसरे दिन तीसरे दिन बुधवार (23 अगस्त) को कंपनी का शेयर 5% की गिरावट के साथ BSE पर 227.25 रुपए और NSE पर 224.65 रुपए के स्तर पर बंद हुआ था।
रिलायंस के शेयरहोल्डर्स को 1:1 के रेश्यो में JFS के शेयर मिले थे
19 जुलाई के कारोबारी दिन के अंत में जिन-जिन शेयरहोल्डर्स के पास रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स थे, उन्हें 1:1 के रेश्यो में जियो फाइनेंशियल के शेयर मिले थे। उदाहरण के लिए यदि किसी निवेशक के पास RIL के 100 शेयर थे, तो उसे JFS के 100 शेयर दिए गए थे।