आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : यूक्रेन से जंग में रूस का साथ देने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर ने बगावत कर दी है। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना के एक हेलिकॉप्टर को गिराने की बात भी कही है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है।
तनाव के बीच क्रेमलिन ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन थोड़ी देर में देश को संबोधित करेंगे। रूसी मीडिया RT ने भी प्रिगोजिन के हवाले से कुछ वीडियो जारी किए हैं, जिसमें रोस्तोव की सड़कों और मिलिट्री हेडक्वार्टर के बाहर वैगनर के लड़ाके और बख्तरबंद गाड़ियां नजर आ रही हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, हालात को देखते हुए रोस्तोव के मेयर ने लोगों से घर के अंदर रहने की अपील की है।
बाखमुत में वैगनर ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक से शुरू हुआ तनाव
रूस ने शनिवार को वैगनर हेड प्रिगोजिन पर तख्तापलट की कोशिश का आरोप लगाया। रॉयटर्स के मुताबिक, रूस और वैगनर के बीच तल्खी यूक्रेन के बाखमुत में प्राइवेट आर्मी के ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल अटैक के बाद शुरू हुई। इस हमलें में कई वैगनर लड़ाके मारे गए थे। प्रिगोजिन ने क्रेमलिन को इसका दोषी बताया था।
प्रिगोजिन ने कहा- हम मातृभूमि के लिए मरने को तैयार
BBC के मुताबिक, प्रिगोजिन ने कहा- हमारे पास 25 हजार लड़ाकों की फौज है। हमने अपना लक्ष्य तय कर रखा है और हम मरने के लिए भी तैयार हैं। हम अपनी मातृभूमि और रूसी नागरिकों के लिए खड़े हैं। उन्हें ऐसे लोगों से मुक्ति मिलनी चाहिए जो आम लोगों की हत्या कर रहे हैं।
अल-जजीरा के रिपोर्ट्स ने बताया कि मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है। मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने कहा- सुरक्षा को मजबूत करने के लिए आतंकवाद विरोधी उपाय किए जा रहे हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों को प्रतिबंधित किया जा सकता है। वोरोनिश और लिपेत्स्क क्षेत्रों में FSB (फेडरल सिक्योरिटी सर्विस) कार्यालयों को खाली कराया जा रहा है। वे रोस्तोव से मॉस्को जाने वाले रास्ते पर हैं।
मैप में देखिए मॉस्को से रोस्तोव शहर की दूरी…
पुतिन विरोधी नेता बोले- वैगनर का साथ दे रूसी जनता
BBC के मुताबिक, पुतिन विरोधी नेता मिखाइल खोदोरकोव्स्की ने रूसियों से वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन का समर्थन करने की अपील की है। येवगनी ने मॉस्को के सैन्य नेतृत्व को मिटाने की कसम खाई है। मिखाइल ने कहा- अगर वैगनर ने क्रेमलिन पर कब्जा करने का फैसला किया है तो हमें जरूरत पड़ने पर उनके साथ लड़ना होगा। पुतिन से मतभेद के बाद प्रिगोजिन ने 10 साल जेल में बिताए हैं। अब उसने रूसी राष्ट्रपति के खिलाफ एक्शन लेने का फैसला किया है। ये सिर्फ शुरुआत है।
तस्वीरों में देखिए वैगनर की बगावत के बीच रोस्तोव में क्या माहौल है…
रूसी सेना में शामिल होने से वैगनर ने किया था इनकार
रॉयटर्स के मुताबिक, दो हफ्ते पहले ही रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक आदेश जारी किया था, जिसके तहत यूक्रेन के खिलाफ लड़ रहे सभी प्राइवेट लड़ाकों की टुकड़ियों को रूस की सेना में शामिल होने के आदेश दिए गए थे। इसके लिए सभी प्राइवेट मिलिट्री से एक कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाने की बात भी कही गई थी।
तब रूस की सबसे बड़ी प्राइवेट मिलिट्री वैगनर ने ये समझौता करने से इनकार कर दिया था। वैगनर के मालिक प्रिगोजिन ने कहा था- हम रक्षा मंत्रालय के साथ कोई समझौता नहीं करेंगे।
वैगनर की आर्मी में शामिल रेपिस्ट और हेपेटाइटिस-C के मरीज
पिछले साल 30 अक्टूबर को UK के रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में प्रिगोजिन के हवाले से दावा किया गया था कि यूक्रेन की प्राइवेट आर्मी में एड्स और हेपेटाइटिस-C के मरीजों की भर्ती की जा रही है।