आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुंबई में एक एयर होस्टेस की हत्या के आरोपी ने लॉकअप में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने बताया, आरोपी ने पैंट से फांसी का फंदा बनाया था। आरोपी विक्रम को पुलिस ने 3 सितंबर को अरेस्ट किया था।

रिपोर्ट के मुताबिक, एयर होस्टेस रूपल ओगरे रायपुर के राजेंद्र नगर क्षेत्र की रहने वाली थी। वह कुछ समय से मुंबई के अंधेरी में स्थित एनजी काम्‍प्‍लेक्‍स में अपनी बड़ी बहन और एक दोस्त के साथ रह रही थी। 3 सितंबर शाम पुलिस को युवती की लाश उसके फ्लैट से मिली थी।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

हरियाणा DGP को हाईकोर्ट के आदेश, पुलिस FIR में आरोपियों के धर्म को शामिल न करें

पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने पुलिस FIR में धर्म शामिल करने पर सख्त कदम उठाया है। हाईकोर्ट ने हरियाणा के DGP को नोटिस जारी कर आदेश दिए कि आगे से ऐसा नही होना चाहिए। उन्होंने DGP शत्रुजीत कपूर को कहा कि वे एफिडेविट देकर बताएं कि इस संबंध में सुधार के लिए क्या कदम उठाएंगे?।

हाईकोर्ट ने कहा कि इस तरह की प्रथा पर रोक लगनी चाहिए। इससे पहले पंजाब को लेकर भी हाईकोर्ट इसी तरह के आदेश दे चुकी है।

भारत के टेनिस प्लेयर रोहन बोपन्ना US ओपन मेन्स डबल्स के फाइनल में; ऐसा करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने

भारत के टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना 13 साल बाद ग्रैंड स्लैम चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंच गए हैं। रोहन ने मैन्स डबल्स के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलियाई पार्टनर मैथ्यू एबडेन के साथ गुरुवार रात को फ्रांस के पियरे-ह्यूग्स हर्बर्ट और निकोलस माहुत की जोड़ी को 7-6 (7-3), 6-2 से हराया।

इस जीत के बाद 43 साल 6 महीने के बोपन्ना ग्रैंड स्लैम फाइनल में पहुंचने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं। बोपन्ना से पहले यह रिकॉर्ड कनाडा के डैनियल नेस्टर के नाम था। टूर्नामेंट न्यूयॉर्क में खेला जा रहा है।

हालांकि, मिक्स्ड डबल्स में बोपन्ना पहले ही बाहर हो चुके हैं। वे इंडोनेशियाई जोड़ीदार अल्दिला सुत्जियादी के साथ दूसरे दौर में हार गए थे।

मुंबई के कुर्ला में झुग्गी बस्ती में आग लगी, दमकल की गाड़ी मौके पर मौजूद

महाराष्ट्र में मुंबई के कुर्ला पूर्व के कुरेशी नगर में शुक्रवार को एक झुग्गी बस्ती में आग लग गई। दमकल की गाड़ी मौके पर मौजूद है। आग को काबू करने की कोशिश जारी है। इस घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।