आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज, यानी शुक्रवार (8 सितंबर) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 116 अंक की तेजी के साथ 66,381 के स्तर पर खुला। वहीं, निफ्टी में भी 54 अंक की तेजी रही, यह 19,774 के स्तर पर ओपन हुआ।
शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयरों में तेजी और 10 में गिरावट देखने को मिली। आज रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 7 पैसे मजबूत होकर 83.14 रुपए पर खुला।
जुपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स लिमिटेड का IPO में पैसा लगाने का आखिरी मौका
जुपिटर लाइफ लाइन हॉस्पिटल्स लिमिटेड का IPO आज यानी 8 सितंबर बंद हो जाएगा। ऐसे में अगर आप इस IPO में पैसा लगाना चाहते हैं तो आपके पास आज आखिरी मौका है। 18 सितंबर को कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे।
कंपनी ने IPO का प्राइस बैंड ₹695-₹735 प्रति शेयर तय किया है। रिटेल निवेशक मिनिमम एक लॉट, यानी 20 शेयर्स के लिए अप्लाय कर सकते हैं। यदि आप IPO के अपर प्राइज बैंड ₹735 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं, तो इसके लिए ₹14,700 लगाने होंगे। कंपनी IPO के जरिए ₹869.08 करोड़ जुटाना चाहती है।
कल बाजार में रही थी तेजी
इससे पहले कल यानी गुरुवार 7 सितंबर को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 385 अंक की तेजी के साथ 66,265 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में 116 अंक की तेजी रही, यह 19,720 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 शेयरों में तेजी और 10 में गिरावट देखने को मिली थी।