आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज 21 अगस्त को वर्ल्ड सीनियर सिटिजन्स डे मनाया जा रहा है। इस मौके पर हम आपको पोस्ट ऑफिस सीनियर सिटिजन्स सेविंग्स स्कीम के बारे में बता रहे हैं। इस स्कीम में 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है। अगर आप सीनियर सिटिजन हैं और अपना पैसा कहीं ऐसी जगह निवेश करना चाहते हैं जहां आपके पैसों पर अच्छा रिटर्न मिले और पैसा भी सेफ रहे तो इस स्कीम में पैसा लगा सकते हैं। हम आपको आज इस स्कीम के बारे में बता रहे हैं।

अधिकतम 30 लाख रुपए कर सकते हैं निवेश

पोस्ट ऑफिस सीनियर सिटिजन्स सेविंग्स स्कीम के तहत सिर्फ 1000 रुपए में अकाउंट खोला जा सकता है। इस स्कीम में ज्यादा से ज्यादा 30 लाख रुपए तक निवेश कर सकते हैं। इस स्कीम पर 8.2% सालाना ब्याज मिल रहा है। वहीं देश के सबसे बड़े बैंक SBI 5 साल की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर सीनियर सिटिजन्स को 7.50% ब्याज दे रहा है। यानी इस स्कीम में FD से ज्यादा ब्याज दिया जा रहा है।

5 साल का रहता है मैच्योरिटी पीरियड

इस स्कीम का मैच्योरिटी पीरियड 5 साल का रहता है। यानी इस स्कीम में आपको 5 साल के लिए निवेश करना होता। हालांकि आप 5 साल से पहले भी अकाउंट बंद कर सकते हैं, लेकिन ऐसा करने पर आपको पेनल्टी देनी होती है।

इनकम टैक्स छूट का मिलता है लाभ

इस स्कीम के तहत निवेश करने पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 80C के अंतर्गत टैक्स छूट का लाभ मिलता है। यानी इसमें 1.5 लाख रुपए तक निवेश करने पर इस रकम पर आप टैक्स छूट का दावा कर सकते हैं। हालांकि, इस स्कीम के तहत मिलने वाला ब्याज टैक्सेबल होता है। इस स्कीम के तहत जॉइंट खाता भी खुलवा सकते हैं।

तिमाही आधार पर मिलता है ब्याज

इस योजना के तहत ब्याज तिमाही आधार पर मिलता है और अप्रैल, जुलाई, अक्टूबर व जनवरी के पहले वर्किंग डे को क्रेडिट कर दिया जाता है। सीनियर सिटिजन्स सेविंग्स स्कीम अकाउंट किसी भी पोस्ट ऑफिस में खुलवा सकते हैं।

कोई भी वरिष्ठ नागरिक खोल सकता है अकाउंट

60 साल या उससे अधिक आयु के बाद अकाउंट पोस्ट ऑफिस जाकर खुलवाया जा सकता है। हालांकि VRS लेने वाला व्यक्ति जो 55 वर्ष से अधिक लेकिन 60 वर्ष से कम है वो भी इस अकाउंट को खोल सकता है।