आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ग्वालियर में फेसबुक पर दोस्ती फिर एक-दूसरे के नंबर लेकर वीडियो कॉल के जाल में शहर का एक व्यापारी फंस गया है। व्यापारी को युवती ने VIDEO कॉल किया और कुछ ही देर में युवती न्यूड चैट करनी लगी। इसके बाद एक युवक का कॉल आया और उसने एक एडिट वीडियो के आधार पर युवती के शिकायत करने की बात कहकर बात की।

व्यापारी घबरा गया तो युवक ने कुछ रुपए उसके अकाउंट में डालने की बात कही। एक बार व्यापारी ने रुपए ट्रांसफर किए, लेकिन बार-बार ब्लैकमेलिंग से तंग आकर व्यापारी ने पुलिस में शिकायत की है।

शहर के कंपू स्थित नया बाजार निवासी एक व्यापारी पर दो दिन पहले फेसबुक आईडी पर माधवी नाम की युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। दोस्ती स्वीकार करते ही मैसेंजर पर युवती के मैसेज आए। युवती काफी ओपन बातचीत कर रही थी और उसने उनका मोबाइल नंबर ले लिया। कुछ देर बाद युवती का उनके मोबाइल पर VIDEO कॉल आया। कॉल अटेंड करते ही युवती उनसे रोमांटिक बातचीत करने लगी और कुछ ही देर बाद अपने कपड़े उतार दिए। बातों में फंसा कर व्यापारी के कपड़े भी उतरवा लिए।

इसके बाद कॉल कट हो गया और कुछ देर बाद एक युवक का कॉल आया और खुद को पुलिस बताकर उसकी शिकायत का हवाला दिया और 20 हजार रुपए की मांग की। नहीं तो उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बदनामी से बचने के लिए व्यापारी ने उन्हें शुरुआत में दो हजार रुपए पेमेंट कर दिया।

बार-बार किया ब्लैकमेल

दो हजार रुपए देने के बाद उसी युवक का एक बार फिर कॉल आया और अब दस हजार रुपए की मांग की गई। दोबारा कॉल आते ही व्यापारी समझ गया कि वह ब्लैकमेलर्स के जाल में फंस गया है। रुपए देने के बाद भी वह उसे ब्लैकमेल करना बंद नहीं करेंगे। इस पर उसने कुछ समय मांगा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इसी बीच ब्लैकमेलर का कॉल दोबारा आया। पुलिसकर्मियों ने कॉल करने वाले की अच्छी खबर ली तो ब्लैकमेलर ने कॉल कट कर दिया।

व्यापारी ने ली राहत की सांस

पुलिस के द्वारा फटकार के बाद व्यापारी के पास दोबारा कॉल नहीं आया और व्यापारी ने राहत की सांस ली। अब वह साइबर सेल से शिकायत करेंगे।