आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : 3 दिसंबर को मप्र विधानसभा चुनाव के परिणाम आएंगे। चुनाव का रिजल्ट आने के पहले बीजेपी और कांग्रेस के नेता अपनी पार्टियों को बहुमत मिलने का दावा कर रहे हैं। मतगणना के पहले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दैनिक भास्कर से चर्चा की।

उन्होंने कांग्रेस कैंडिडेट्स और काउंटिंग एजेंट्स की ट्रेनिंग में कमलनाथ के बयान- बीजेपी कहेगी कि हम खरीद लेंगे मगर अब इससे कुछ काम आने वाला नहीं हैं’ पर बात की। साथ ही बालाघाट जिले में पोस्टल बैलेट निकाले जाने पर कहा कि हार के डर से मत घबराइए। पढ़िए…

  1. कांग्रेस की ट्रेनिंग में कमलनाथ ने कहा- बीजेपी खरीदने की कोशिश करेगी, मगर ये सब काम नहीं आएगा। इस पर क्या कहेंगे?

वीडी शर्मा: अरे कमलनाथ जी, परिणाम तो आने दो। अभी से क्यों चिंता कर रहे हो। दिग्विजय सिंह और कमलनाथ को हार का डर इतना है कि कभी EVM पर आरोप लगाते हैं। कभी खरीद-फरोख्त के आरोप लगाते हैं। अरे भई, तुम्हारे नुमाइंदे भागे तो इसमें किसी का क्या लेना-देना। आपकी सरकार क्यों गई? आपने गरीबों का हक छीना, वादे पूरे नहीं किए। उसका ये दुष्परिणाम था कि आपको लोग छोड़कर भागे। आप अपना घर संभालिए। जनता के विश्वास पर हमें आशीर्वाद मिला है। हम ऐतिहासिक विजयश्री हासिल करेंगे।

  1. 3 तारीख को मतगणना होनी है, किस तरह के परिणाम आएंगे?

वीडी शर्मा: भाजपा के सभी कार्यकर्ता मुस्तैदी के साथ काउंटिंग की तैयारी में जुट गए हैं। हमने विधानसभा लेवल तक प्रशिक्षण वर्चुअली किया है और प्रत्येक विधानसभा के काउंटिंग एजेंट, ईवीएम एजेंट्स सबको काउंटिंग की तैयारी को लेकर एक्चुअली प्रशिक्षण दिया है। प्रधानमंत्री मोदी जी का नेतृत्व है विकास और गरीब कल्याण भारतीय जनता पार्टी की ताकत है। भाजपा के संगठन की ताकत प्रत्येक बूथ पर ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत अभियान’ के साथ जो ताकत खड़ी हुई है। इस आधार पर 3 तारीख को आने वाले परिणाम में भारतीय जनता पार्टी परचम लहराएगी।

  1. काउंटिंग को लेकर बीजेपी की क्या तैयारी है?

वीडी शर्मा: प्रदेश स्तर पर हमारा कंट्रोल रूम है। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया है। भाजपा का अपना एक तंत्र है, जो लगातार काम करता है। वोटिंग के दिन जिलों के सेंट्रल कंट्रोल रूम ने काम किया था। काउंटिंग के दौरान सभी कार्यकर्ता हर स्तर पर काम कर रहे हैं। हम बीएलए को प्रशिक्षण दो साल से दे रहे हैं। हर बूथ पर हमारा बीएलए है। इसलिए काउंटिंग के दृष्टि से हमारा तंत्र तैयार है।

  1. बीजेपी कितनी सीटें जीतेगी?

वीडी शर्मा: अमित शाह जी ने कहा था- 150 से ऊपर हम जाएंगे। उन्होंने हमें लक्ष्य दिया है तो हमारी जिम्मेदारी है कि हम उस लक्ष्य को पूरा करें और भाजपा के नेतृत्व ने टीम स्प्रिट पर काम किया है। हमें विश्वास है कि हम इस लक्ष्य से आगे जाएंगे।

Q.बालाघाट में समय से पहले पोस्टल बैलेट निकाले जाने पर कमलनाथ ने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं

वीडी शर्मा: प्रशासन से कमलनाथ एक बार बात तो करें। कानून के तहत सिस्टम से उनको ठीक से रखने जैसा कार्य हो रहा था। मेरी भी प्रशासन से बात हुई है। तत्काल प्रशासन ने इस मामले में क्लियरेंस भी दिया है तो ऐसे कहीं भी कुछ भी हो जाएगा क्या?

देश में संविधान है, नियम-कानून है इसलिए आप व्यवस्था पर विश्वास रखिए। आपके जैसा शासन नहीं है कि कुछ भी आप करेंगे। यहां नियम कानून से सारी चीजें हो रहीं हैं। हार के डर से मत घबराइए।