सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने विदिशा मेडिकल कॉलेज में दो दिवसीय निशुल्क कैंसर जांच शिविर का शुभारंभ किया। इस स्वास्थ्य पहल का उद्देश्य लोगों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय रहते बीमारी की पहचान सुनिश्चित करना है। शुभारंभ समारोह में विदिशा के प्रभारी मंत्री लखन पटेल क्षेत्र के विधायकगण जनप्रतिनिधि टाटा मेमोरियल अस्पताल मुंबई और एम्स भोपाल के निदेशक सहित देश के वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पूरा विदिशा यहाँ इकट्ठा है मैं आप सबका हृदय से स्वागत करता हूँ। यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि मानव सेवा का महायज्ञ है। भारतीय संस्कृति और सभी धर्मों में परोपकार को सर्वोच्च धर्म माना गया है और दूसरों की सेवा से बड़ा कोई पुण्य नहीं होता।
उन्होंने कहा कि पीड़ित और जरूरतमंद भाई-बहनों की सेवा करने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
हर मरीज को मिलेगा बेहतर उपचार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कैंसर का नाम सुनते ही लोग डर जाते हैं लेकिन अब घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सुबह से सैकड़ों मरीज जांच के लिए पहुंच चुके हैं और यह संख्या लगातार बढ़ रही है। शुरुआत में इस शिविर का फोकस विदिशा रायसेन सीहोर और खातेगांव क्षेत्र के लोगों पर था लेकिन इंसानियत की कोई सीमा नहीं होती। यही कारण है कि प्रदेश के कई जिलों से भी मरीज यहां जांच कराने पहुंचे हैं। शिवराज सिंह चौहान ने कहा मैं सभी भाई-बहनों से कहना चाहता हूं कि सबसे पहले आत्मविश्वास बनाए रखें और भरोसा रखें कि वे ठीक होंगे। उनके इलाज के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। हम केवल जांच शिविर लगाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं करेंगे। जांच के बाद हर मरीज के लिए अलग से इलाज की पूरी योजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग के बाद डॉक्टर तय करेंगे कि किस मरीज का इलाज दवाइयों कीमोथेरेपी या रेडियोथेरेपी से होगा और किसे सर्जरी की जरूरत पड़ेगी। हमारी वचनबद्धता है कि इलाज के अंतिम परिणाम तक कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी और हर मरीज को बेहतर उपचार दिलाया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का असली अर्थ जनता के दुख-दर्द को दूर करना है। दिन-रात यही प्रयास रहेगा कि किसी भी मरीज को इलाज में कोई परेशानी न आए। डॉक्टर पंकज और डॉ. माधवन सहित पूरी विशेषज्ञ टीम ने भी भरोसा दिलाया है कि मरीज का इलाज पूरी तरह होने तक वे कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहेंगे।
विदिशा में टाटा मेमोरियल अस्पताल की इकाई स्थापित की जाएगी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी का हृदय से आभारी हूं क्योंकि उन्होंने केवल विकास का ही नहीं बल्कि सामाजिक सुधार का भी व्यापक विजन दिया है। उन्होंने कहा कि देश की बेटियों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए वैक्सीन विकसित की गई है और मध्यप्रदेश इस वैक्सीनेशन अभियान में देश में अग्रणी बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि अगर समय पर यह वैक्सीन लग जाए तो कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। खासकर कम उम्र की हमारी बहन-बेटियां गर्भाशय कैंसर के कारण अपनी जान गंवा देती हैं। ऐसे में यह टीकाकरण अभियान उनके जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और यहां भी इसका काम लगातार चल रहा है। शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि आने वाले समय में देश के सबसे प्रतिष्ठित कैंसर संस्थान टाटा मेमोरियल अस्पताल की एक इकाई विदिशा में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ेगी और डे-केयर सुविधा का संचालन 15 अगस्त के बाद शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि कैंसर मरीजों को इलाज के लिए मुंबई या दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े। बाहर इलाज कराने में किराया, रहने और अन्य खर्चों के कारण परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि बेहतर सुविधाएं यहीं उपलब्ध होंगी तो मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी।
गुटका तंबाकू और शराब कैंसर की बड़ी वजह
केंद्रीय कृषि मंत्री ने लोगों से गुटका तंबाकू और शराब जैसी नशे की आदतों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि देश में सबसे अधिक मुँह का कैंसर इन्हीं कारणों से होता है। उन्होंने कहा कि गुटका और तंबाकू धीरे-धीरे इंसान की जान के दुश्मन बन जाते हैं और कई गंभीर बीमारियों को जन्म देते हैं। उन्होंने कहा कि मेरे भाइयों गुटका खाना छोड़ दीजिए। इसकी कोई जरूरत नहीं है। सिर्फ तंबाकू वाला गुटका ही नहीं बल्कि सुपारी और उसमें मिलाए जाने वाले मसाले भी कैंसर का कारण बन सकते हैं। थोड़ी देर की आदत जिंदगीभर का दर्द बन सकती है। शिवराज सिंह चौहान ने लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों के प्रति भी जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि यदि मुंह में सफेद या लाल धब्बा तीन सप्ताह तक ठीक नहीं हो, मुंह पूरा न खुलता हो, निगलने में परेशानी हो गले में लगातार दर्द बना रहे या आवाज में अचानक बदलाव आए तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत कैंसर की जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से इलाज आसान और अधिक सफल हो सकता है। साथ ही लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व समाज के अन्य लोगों को भी नशे से दूर रहने और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के लिए प्रेरित करें।
बहन-बेटियां संकोच छोड़कर समय पर जांच कराएं
केंद्रीय कृषि मंत्री ने महिलाओं से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर जांच कराने की अपील करते हुए कहा कि संकोच कई बार गंभीर बीमारी को जानलेवा बना देता है। उन्होंने कहा कि बहनों और बेटियों से मेरा आत्मीय रिश्ता है इसलिए मैं उन्हें जागरूक रहने और किसी भी तरह की परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दे रहा हूं। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर के मामलों में महिलाएं स्वयं भी शुरुआती जांच कर सकती हैं। यदि स्तन में किसी प्रकार की गांठ महसूस हो तो बिना देर किए तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। शुरुआती अवस्था में बीमारी का पता चलने पर इलाज संभव है लेकिन लापरवाही से यह गंभीर रूप ले सकती है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गर्भाशय कैंसर के प्रति भी महिलाओं को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि दो माहवारी के बीच असामान्य रक्तस्राव हो संबंध बनाते समय तकलीफ हो सामान्य से अलग सफेद पानी की समस्या हो या पेट के निचले हिस्से में लगातार दर्द बना रहे तो इसे हल्के में न लें और तुरंत जांच कराएं। ये गंभीर बीमारी के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। उन्होंने परिवारों से भी अपील की कि महिलाएं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर बात करें और पति भाई और अन्य परिजन भी उन्हें जांच कराने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच में शर्म या संकोच की कोई जगह नहीं होनी चाहिए क्योंकि समय पर पहचान ही जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। केन्द्रीय मंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि हर साल बड़ी संख्या में महिलाएं कैंसर के कारण असमय जान गंवा देती हैं जिनमें 15 से 40 वर्ष आयु वर्ग की बेटियां और महिलाएं भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कैंसर केवल एक व्यक्ति की जान नहीं लेता बल्कि पूरे परिवार को बिखेर देता है। इसलिए सबसे जरूरी है कि बीमारी की समय पर पहचान हो और समय पर उपचार शुरू किया जाए, ताकि अनमोल जीवन बचाए जा सकें।
नशा मुक्ति को जनआंदोलन बनाएं
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने समाज से कैंसर की रोकथाम के लिए नशा मुक्ति अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कैंसर का इलाज जरूरी है लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी उन कारणों को खत्म करना है जिनसे यह बीमारी जन्म लेती है। उन्होंने कहा कि गुटखा तंबाकू बीड़ी और शराब जैसी नशे की आदतें कैंसर और कई गंभीर बीमारियों की बड़ी वजह हैं। समाज को मिलकर इनके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाना चाहिए ताकि लोग बीमारी का शिकार होने से पहले ही बच सकें। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कम उम्र में लीवर खराब होने और ट्रांसप्लांट की नौबत आने जैसी घटनाएं बेहद पीड़ादायक हैं। नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, पूरे परिवार का जीवन तबाह कर देता है। ऐसे में माता-पिता, समाज और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र में नशा मुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा और प्रदेशभर में भी इसे जनभागीदारी से आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने की बात कहते हुए कहा कि गांव-गांव में समाज को खुद आगे आकर इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और महिलाओं की भागीदारी इस अभियान को और मजबूत बना सकती है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज नई तरह के नशे और मादक पदार्थ भी युवाओं तक पहुंच रहे हैं। इन्हें रोकने की जिम्मेदारी केवल पुलिस और प्रशासन की नहीं बल्कि पूरे समाज की है। यदि समाज जागरूक होकर नशे के खिलाफ खड़ा होगा तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि कैंसर अस्पतालों और इलाज की सुविधाओं का विस्तार अपनी जगह जरूरी है लेकिन सबसे बड़ा लक्ष्य बीमारी की जड़ को खत्म करना होना चाहिए। इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना होगा।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #उपम #पहल #समय