आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर के बाणगंगा इलाके में बिजली कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी की मौत हो गई। बताया जाता है कि रेलवे क्रॉसिंग के पास रात में वह घायल पड़ा मिला। देर रात उसे उपचार के लिये मदद नहीं मिल पाई। बाद में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरो उसे मृत घोषित कर दिया।

बाणगंगा पुलिस के मुताबिक घटना एमआर-4 की रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक की है। यहां रात में विनय ठाकुर निवासी बांगड़दा को घायल अवस्था में रेलवे कर्मचारी ने पड़ा देखा। इसके बाद एंबुलेस को सूचना दी। रात में विनय को एमवाय अस्पताल भेजा गया। यहां उसकी मौत हो गई।

विनय के रिश्तेदारों ने बताया कि पिता से देर रात उसकी बात हुई। उसने कुछ देर में आने के लिये कहा। घटनास्थल पर विनय की बाइक भी नहीं मिली है। विनय माता-पिता का इकलौता बेटा है। उसकी दो बहनें भी है।

परिवार ने जताई हत्या की आंशका

विनय के पिता पेशे से ड्राइवर हैं। बताया जाता है कि रात करीब 12 बजे के लगभग पिता ने उससे मोबाइल पर बात कर मौसम खराब होने की बात कही। उसने कहा कि वह दस मिनट में आ जाएगा। करीब एक से डेढ़ बजे के बीच पिता ने फिर से कॉल किया तो उसने रिसीव नहीं किया।

देर रात करीब ढाई बजे उसका मोबाइल बाणगंगा पुलिसकर्मियों ने उठाया और बताया कि बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। उसे एमवाय अस्पताल भेजा गया है। परिवार ने कहा कि उन्हें शंका है कि बेटे की हत्या की गई है। जबकि पुलिस हादसे को लेकर बात कर रही है। परिवार के मुताबिक जहां हादसा हुआ वहां से घर करीब तीन से चार किलोमीटर दूर है।