मुंबई । भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति की घोषणा के बाद बुधवार को शेयर बाजार में थोड़ी रिकवरी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स और निफ्टी अब हरे निशान पर आ गए हैं। सेंसेक्स 193.55 अंकों की बढ़त के साथ 55,300.89 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 62.60 अंक ऊपर 16,478.95 के स्तर पर पहुंच गया है।

बुधवार को बीएसई का 30 स्टॉक्स वाला प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 238 अंकों के फायदे के साथ 55,345 के स्तर पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी कारोबार की शुरुआत हरे निशान के साथ की, लेकिन चंद मिनट बाद ही सेंसेक्स-निफ्टी दोनों लाल निशान पर आ गए।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाटा स्टील, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, स्टेट बैंक, टेक महिंद्रा, विप्रो, टाइटन, इंडसइंड बैंक हरे निशान पर थे। वहीं निफ्टी 16,474 के स्तर पर खुलकर 16348 के स्तर पर था। उल्लेखनीय है कि बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स मंगलवार को 567.98 अंक लुढककर 55,107.34 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 153.20 अंक टूटकर 16,416.35 अंक पर बंद हुआ।