आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : खोजी पत्रकार और सिने लेखक स्व.राजकुमार केसवानी के 73वें जन्मदिन पर रविवार को माधव राव सप्रे स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय और शोध संस्थान में आपस की बात कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लेखक और निर्देशक रूमी जाफरी, इरशाद कामिल सहित फिल्म एक्टर राजीव वर्मा ने केसवानी की यादें ताजा करते हुए उनके योगदान को सराहा।

डॉ. वर्तिका नंदा को मिला राजकुमार केसवानी सम्मान

पत्रकार और जेल सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर डॉ. वर्तिका नंदा को वर्ष 2023 का राजकुमार केसवानी सम्मान प्रदान किया गया। जिसमें एक लाख रूपए की सम्मान निधि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन अशोक मनवानी और आभार मनीष समंदर ने किया।

सप्रे संग्रहालय मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को करेगा पुरस्कृत

कार्यक्रम के प्रारंभ में विजयदत्त श्रीधर ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिबद्ध पत्रकार केसवानी जी का स्मरण संग्रहालय, उनके परिजन और मित्रगण कर रहे हैं। आगामी वर्ष से सप्रे संग्रहालय द्वारा प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए 11 -11 हजार रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में सुनिता केसवानी, रौनक केसवानी और जिज्ञासा केसवानी सहित अनेक प्रबुद्ध जन और प्रशंसक उपस्थित थे।

साहित्यकार राजेश जोशी ने कहा कि केसवानी जी बचपन से किताबें पढ़ने के शौकीन थे। उन्होंने खोजी पत्रकार के रूप में भोपाल गैस त्रासदी की आशंका व्यक्त कर समाज को आगाह करने का कार्य किया था।कार्यक्रम में फिल्मकार रूमी जाफरी ने कहा कि स्व राजकुमार केसवानी हिंदी सिनेमा के मर्मज्ञ थे।