मुंबई । वैश्विक बाजारों से मिले मजबूत रुझान के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटी शेयरों में तेजी के चलते प्रमुख शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान बढ़त देखी गई। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 565.66 अंक बढ़कर 56,383.77 पर कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर व्यापक एनएसई निफ्टी 159.85 अंक चढ़कर 16,787.85 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स में विप्रो, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, टीसीएस और बजाज फाइनेंस बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, भारती एयरटेल और एशियन पेंट्स में गिरावट हुई। अन्य एशियाई बाजारों में सोल और तोक्यो के बाजार हरे रंग में थे।
चीन में छुट्टी के चलते शेयर बाजार बंद थे। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 436.94 अंक की तेजी के साथ 55,818.11 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 105.25 अंक चढ़कर 16,628 पर बंद हुआ। गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी घरेलू शेयर बाजार की तरह बढ़त के साथ बंद हुए थे। डाऊ जोंस 435.05 अंकों की छलांग के साथ 33,248.28 के स्तर पर बंद हुआ था तो 322.44 अकों की उछाल के साथ 12,316.90 के स्तर पर बंद हुआ।
वहीं एसएंडपी भी 75.59 ऊपर 4,176.82 के स्तर पर बंद होने में कामयाब हुआ। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 फीसदी की गिरावट के साथ 117.42 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 451.82 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।